आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
IPL 2025: आईपीएल 2025 में दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। रविवार को विशाखापट्टनम (Visakhapatnam) के एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 10वें मैच में दिल्ली ने सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) को 7 विकेट से हरा दिया। इस मुकाबले में दिल्ली के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क का जलवा देखने को मिला, जिन्होंने आईपीएल (IPL) में पहली बार 5 विकेट चटकाए। वहीं, बल्लेबाजी में फाफ डु प्लेसिस और जेक फ्रेजर-मैकगर्क की धमाकेदार शुरुआत ने दिल्ली की जीत की नींव रखी। पढ़िए पूरी खबर…
ये भी पढ़ेंः IPL 2025: मुंबई इंडियंस को मिली लगातार दूसरी हार, गुजरात टाइटंस ने 36 रनों से जीता मुकाबला

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
दिल्ली का दमदार चेज, डु प्लेसिस का तूफान
विशाखापट्टनम (Visakhapatnam) के मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में हैदराबाद ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.4 ओवर में 163 रन बनाए। जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने इस लक्ष्य को महज 16 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। उपकप्तान फाफ डु प्लेसिस ने 27 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 3 छक्के शामिल थे। उन्होंने जेक फ्रेजर-मैकगर्क (38 रन, 32 गेंद) के साथ 81 रनों की शानदार ओपनिंग साझेदारी की।
इसके बाद केएल राहुल (15 रन, 5 गेंद) ने तेजी से रन बटोरे। दिल्ली की ओर से अभिषेक पोरेल (34 रन, 18 गेंद) और ट्रिस्टन स्टब्स (21 रन, 14 गेंद) नाबाद लौटे। पोरेल ने 2 चौके और 2 छक्के जड़े, जबकि स्टब्स के बल्ले से 3 चौके निकले। हैदराबाद के लिए गेंदबाज जीशान अंसारी ने तीनों विकेट चटकाए।

स्टार्क का कहर, हैदराबाद 163 पर ढेर
इससे पहले, सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) की टीम 18.4 ओवर में 163 रन पर ऑलआउट हो गई। दिल्ली के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने घातक गेंदबाजी करते हुए पहली बार आईपीएल में 5 विकेट झटके। उन्होंने 3.4 ओवर में 35 रन देकर ये कमाल किया। उनके अलावा स्पिनर कुलदीप यादव ने 3 और मोहित शर्मा ने 1 विकेट लिया।
हैदराबाद के लिए सबसे ज्यादा रन अनिकेत वर्मा ने बनाए। उन्होंने 41 गेंदों में 5 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 74 रन की शानदार पारी खेली। यह उनके आईपीएल करियर की पहली फिफ्टी रही। हालांकि, टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी। ओपनर अभिषेक शर्मा (1) पहले ओवर में ही रनआउट हो गए।
स्टार्क ने तीसरे ओवर में ईशान किशन (2) और नीतीश कुमार रेड्डी (0) को आउट कर हैदराबाद को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद उन्होंने पांचवें ओवर में ट्रैविस हेड (22 रन, 12 गेंद) को भी पवेलियन भेज दिया। 37 रनों पर 4 विकेट गिरने के बाद अनिकेत वर्मा और हेनरिक क्लासेन (32 रन, 19 गेंद) ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच 77 रनों की साझेदारी हुई, लेकिन मोहित शर्मा ने 11वें ओवर में क्लासेन को आउट कर दिल्ली को बड़ी सफलता दिलाई।
इसके बाद वियान मुल्डर (9), हर्षल पटेल (5), अभिनव मनोहर (4) और कप्तान पैट कमिंस (2) कुछ खास नहीं कर सके। मोहम्मद शमी (1*) नाबाद रहे और टीम 163 रन पर सिमट गई।
ये भी पढ़ेंः IPL 2025: RCB को चेपॉक में मिली 17 साल बाद जीत, 50 रनों से CSK को हराया
दिल्ली की पॉइंट्स टेबल में मजबूती
इस जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) ने आईपीएल 2025 में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। टीम की गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों शानदार रही, जिससे वह टूर्नामेंट में और खतरनाक नजर आ रही है। वहीं, हैदराबाद को अपनी कमजोरियों पर काम करने की जरूरत है, खासतौर पर उनकी बल्लेबाजी और डेथ ओवर की गेंदबाजी चिंता का विषय बनी हुई है।
