लापरवाही मिलने पर होगा एक्शन
Delhi News: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने दिल्ली मेट्रो रेल निगम (DMRC) को निर्देश दिए हैं कि वे अपने निर्माण स्थलों पर प्रभावी धूल नियंत्रण उपाय अनिवार्य रूप से लागू करें और किसी भी हाल में निर्माण गतिविधियों से पॉल्यूशन न फैले। मुख्यमंत्री ने दिल्ली मेट्रो के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह, मुख्य सचिव राजीव वर्मा और दिल्ली सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
एलिवेटेड रूट के नीचे सफाई पर विशेष ध्यान
सीएम रेखा गुप्ता ने निर्देश दिए कि मेट्रो अपने एलिवेटेड रूट के नीचे कूड़ा-कचरा हटाकर वहां नियमित सफाई सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के खिलाफ सरकार युद्ध स्तर पर काम कर रही है, इसलिए किसी भी विभाग की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि वे स्वयं जल्द ही निर्माण स्थलों का दौरा करेंगी और यदि लापरवाही पाई गई तो मेट्रो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
लगातार मिल रही शिकायतों पर नाराजगी
बैठक में मुख्यमंत्री ने यह कहा कि उन्हें लगातार शिकायतें मिल रही हैं कि मेट्रो के अधिकांश निर्माणाधीन स्थलों पर धूल उड़ रही है और वहां धूल नियंत्रण के प्रभावी उपाय नहीं किए गए हैं। साथ ही, जहां मेट्रो का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़कों और फुटपाथ की मरम्मत न होने के कारण प्रदूषण फैल रहा है और यातायात बाधित हो रहा है। उन्होंने स्वयं देखा कि एलिवेटेड रूट के नीचे कूड़े के ढेर हैं और सफाई में लापरवाही बरती जा रही है।

ये भी पढ़ेंः Delhi: यूनेस्को सम्मेलन से पहले चमकेगा लाल किला और चांदनी चौक, CM रेखा गुप्ता ने दिए विशेष निर्देश
निर्माणाधीन स्थलों पर विशेष ध्यान दें
सीएम ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि मेट्रो एलिवेटेड रोड का प्रयोग केवल विज्ञापनों के लिए कर रहा है और वहां सफाई नहीं की जा रही। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि इस तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मेट्रो अधिकारियों ने बैठक में कहा कि निर्माणाधीन स्थलों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है और धूल को नियंत्रित करने के उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एलिवेटेड रूट के नीचे सफाई शुरू कर दी गई है और अब मेट्रो स्वयं इस जिम्मेदारी को निभा रहा है।
पर्यावरण सुरक्षा में मॉडल बनें, समस्या का हिस्सा नहीं
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के लिए आधुनिक तकनीकों का प्रयोग अनिवार्य रूप से किया जाए। निर्माण सामग्री को ढककर रखा जाए, पानी का नियमित छिड़काव हो और सड़कों पर मलबा न फैले। सीएम ने कहा कि मेट्रो जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं से यह अपेक्षा की जाती है कि वह पर्यावरण सुरक्षा में मॉडल बनें, समस्या का हिस्सा नहीं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्वयं निर्माण स्थलों का औचक निरीक्षण करेंगी और लापरवाही मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ेंः Delhi की जहरीली हवा से मुक्ति का संकल्प! CM रेखा गुप्ता ने लिया पॉल्यूशन पर सख्त एक्शन
पॉल्यूशन फैलाने पर होगी सख्त कार्रवाई
सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने दो टूक शब्दों में कहा कि दिल्ली सरकार पॉल्यूशन के खिलाफ युद्ध स्तर पर काम कर रही है और इस लड़ाई में किसी भी सरकारी विभाग या एजेंसी को लापरवाही की छूट नहीं दी जाएगी। चाहे वह मेट्रो हो, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग या कोई अन्य एजेंसी, यदि पॉल्यूशन फैलाने में किसी भी प्रकार की कोताही सामने आई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
