Chhattisgarh News: बम्हनीडीह को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की बड़ी सौगात, पुल, बिजली कार्यालय और मंगल भवन की घोषणा

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में क्षेत्र के विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्वशासन लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है और नगर पंचायतें केवल प्रशासनिक इकाइयां नहीं, बल्कि जनता की आकांक्षाओं को साकार करने का माध्यम हैं। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनसेवा के साथ काम करने का आह्वान किया।

तीन बड़ी विकास परियोजनाओं का ऐलान

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने बम्हनीडीह के लिए तीन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा की। उन्होंने दहिदा-बम्हनीडीह के बीच हसदेव नदी पर पुल निर्माण, बिजली विभाग के सब डिवीजन कार्यालय की स्थापना और सर्वसुविधायुक्त मंगल भवन के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।

जनता के विश्वास पर खरा उतरने की अपील

मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रमेश कुमार डडसेना और सभी पार्षदों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उसे विकास कार्यों और पारदर्शी प्रशासन के माध्यम से कायम रखना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास की नई कार्यसंस्कृति स्थापित करनी होगी।

हर वर्ग के कल्याण के लिए सरकार प्रतिबद्ध

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार पिछले ढाई वर्षों से विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार काम कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसानों के लिए बेहतर समर्थन मूल्य, महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना और युवाओं के लिए रोजगार सृजन जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

उभरते नगरों को मिलेगा विकास का नया मॉडल

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ का सपना तभी साकार होगा, जब बम्हनीडीह जैसे उभरते नगरीय क्षेत्रों को मजबूत बनाया जाएगा। राज्य सरकार इन क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे का विस्तार, बेहतर नागरिक सुविधाएं और योजनाबद्ध विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि बम्हनीडीह आने वाले वर्षों में जनभागीदारी, सुशासन और समग्र विकास का आदर्श मॉडल बनकर उभरेगा।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव, छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।