Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में मानसून की सक्रियता के साथ ही खरीफ सीजन की खेती ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्य में 2 जुलाई 2026 तक 6.25 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है, जो इस वर्ष निर्धारित लक्ष्य का लगभग 13 प्रतिशत है। राज्य सरकार ने खरीफ 2026 के लिए 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बुवाई का लक्ष्य रखा है।
किसानों को समय पर मिले खाद-बीज, मुख्यमंत्री के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार समय पर प्रमाणित खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने खाद-बीज वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज का भंडारण सुनिश्चित करने और उसकी नियमित निगरानी करने को कहा है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग इस व्यवस्था की लगातार निगरानी कर रहा है।
7.28 लाख मीट्रिक टन खाद और 3.09 लाख क्विंटल बीज का वितरण
कृषि विभाग के अनुसार अब तक किसानों को 7.28 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 3.09 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। इस वर्ष बीज निगम ने 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा है, जिसमें से 4.30 लाख क्विंटल बीज का भंडारण पहले ही किया जा चुका है। अब तक कुल लक्ष्य का 62 प्रतिशत बीज किसानों तक पहुंच चुका है, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में अधिक है।
धान सहित कई फसलों की बुवाई जारी
प्रदेश में किसानों ने धान के साथ-साथ मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल जैसी फसलों की बुवाई भी शुरू कर दी है। कृषि विभाग के मुताबिक मानसून की अनुकूल स्थिति के कारण आने वाले दिनों में बोनी का रकबा और तेजी से बढ़ने की संभावना है।
प्रदेश में अब तक 96.4 मिमी औसत वर्षा
राज्य में 2 जुलाई तक 96.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि छत्तीसगढ़ की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिमी है। कृषि विभाग का मानना है कि आगामी दिनों में अच्छी बारिश होने पर बुवाई का कार्य और गति पकड़ेगा तथा खरीफ उत्पादन को भी लाभ मिलेगा।
उर्वरक भंडारण और वितरण पर विशेष जोर
खरीफ 2026 के लिए राज्य में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले अब तक 13.16 लाख मीट्रिक टन उर्वरकों का भंडारण किया जा चुका है। इनमें से 7.28 लाख मीट्रिक टन उर्वरक किसानों को वितरित किए जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का लगभग 47 प्रतिशत है।
कृषि ऋण वितरण में भी बढ़ोतरी
राज्य सरकार किसानों को खेती के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी उपलब्ध करा रही है। 30 जून 2026 तक किसानों को 5,525 करोड़ रुपये का कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह राशि 4,517 करोड़ रुपये थी। इस वर्ष सरकार ने किसानों को 8,800 करोड़ रुपये का कृषि ऋण उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
