Corona News: कोरोना वायरस (Corona Virus) एक बार फिर वैश्विक स्तर (Global Level) पर चिंता का कारण बन रहा है। भारत में पिछले एक सप्ताह में कोविड-19 के 752 नए मामले (New Cases) सामने आए हैं, जिसके बाद देश में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1,000 को पार कर गई है। बता दें कि केरल, महाराष्ट्र और दिल्ली में सबसे अधिक नए मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं, विदेशों में भी कोरोना (Corona) के नए वेरिएंट NB.1.8.1 के मामले बढ़ रहे हैं, जिसे विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने ‘वेरिएंट अंडर मॉनिटरिंग’ (VUM) के रूप में वर्गीकृत किया है। पढ़िए पूरी खबर…

भारत में कोविड-19 की स्थिति
भारत (India) में कोविड-19 के मामले धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, 19 मई 2025 तक देश में 257 सक्रिय मामले थे, जो अब बढ़कर 1,009 हो गए हैं। केरल में मई में 430 मामले और दो मौतें दर्ज की गईं, जबकि महाराष्ट्र में 209 सक्रिय मामले और चार मौतें हुईं। दिल्ली में 105 सक्रिय मामले हैं, जिनमें से 99 मामले पिछले एक सप्ताह में सामने आए हैं। तमिलनाडु, कर्नाटक, गुजरात और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में भी मामलों में वृद्धि देखी गई है। भारतीय SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) के आंकड़ों के अनुसार, तमिलनाडु में अप्रैल में NB.1.8.1 का एक मामला और गुजरात में मई में LF.7 के चार मामले पाए गए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि ज्यादातर मामले हल्के हैं और मरीज घर पर ही ठीक हो रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः Covid 19: कोविड 19 के नए वेरिएंट कितने खतरनाक हैं, पढ़िए डिटेल

अमेरिका में मिला नया कोविड वैरिएंट
अमेरिका (America) में भी कोरोना के मामले फिर से चर्चा में हैं। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) के अनुसार, देश के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट्स पर एक नया कोविड वेरिएंट NB.1.8.1 पाया गया है। ये वैरिएंट इंटरनेशनल यात्रियों में पाया गया है जो अमेरिका के कैलिफोर्निया, वाशिंगटन, वर्जीनिया और न्यूयॉर्क सिटी के एयरपोर्ट्स पर पहुंचे थे।
चीन और एशिया में भी बढ़ रहे केस
CBS न्यूज़ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, NB.1.8.1 वेरिएंट को एशिया के कुछ हिस्सों और चीन में हाल ही में कोविड मामलों में तेजी का मुख्य कारण माना जा रहा है। हांगकांग और ताइवान में अस्पताल में भर्ती मरीजों और इमरजेंसी विजिट्स की संख्या में इजाफा हुआ है। इसके चलते वहां फिर से मास्क पहनने और वैक्सीन व एंटीवायरल दवाओं के स्टॉक बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

WHO की नजर में नया वेरिएंट
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने NB.1.8.1 को SARS-CoV-2 वेरिएंट अंडर मॉनिटरिंग (VUM) की श्रेणी में रखा है। यह वेरिएंट ओमिक्रॉन की सबलाइनेज JN.1 से जुड़ा है और इसके उत्पत्ति का संबंध XDV.1.5.1 नामक फिर से संयोजित वेरिएंट से है। इस वेरिएंट का पहला सैंपल 22 जनवरी, 2025 को लिया गया था, और 23 मई को इसे आधिकारिक रूप से VUM के रूप में वर्गीकृत किया गया।
अमेरिका में बढ़ रही मौतें
CDC के मुताबिक, अमेरिका में कोरोना संक्रमण के कारण हर हफ्ते औसतन 350 लोगों की मौत हो रही है। लेकिन एजेंसी का कहना है कि कुल मिलाकर संक्रमण में गिरावट देखी जा रही है, लेकिन मृत्यु दर अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है।
ये भी पढ़ेंः Medicine: भूलकर भी ना लें ये दवाये, सैंपल हो गए हैं फेल!
सतर्क रहने की जरूरत
कोरोना (Corona) के बढ़ते मामलों को देखते हुए विशेषज्ञों ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। मास्क पहनना, हाथ धोना, और भीड़-भाड़ से बचना जैसी सावधानियों को फिर से अपनाने की जरूरत बताई जा रही है। साथ ही, समय पर वैक्सीन और बूस्टर डोज़ लगवाने की भी अपील की गई है।
