Bihar News: पटना, 13 जुलाई। बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री, क्षेत्रीय विधायक और जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने कहा है कि आपदा से प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हमेशा यह सुनिश्चित करती है कि किसी भी आपदा पीड़ित परिवार को कठिन समय में अकेला न छोड़ा जाए। इसी उद्देश्य से उन्होंने बिहारशरीफ नगर निगम के वार्ड संख्या 47 स्थित खरजम्मा गांव पहुंचकर आपदा में जान गंवाने वाले सूरज कुमार के परिवार से मुलाकात की और उनकी माता टुन्नी देवी को राज्य सरकार की ओर से सहायता राशि का चेक सौंपा।
पीड़ित परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस
मंत्री श्रवण कुमार ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में धैर्य बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपने एक सदस्य को खोया है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती, लेकिन सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि परिवार को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और सरकार हर संभव सहायता उपलब्ध कराएगी।
आपदा पीड़ितों की मदद सरकार की प्राथमिकता
श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हमेशा कहते रहे हैं कि राज्य सरकार के खजाने पर पहला अधिकार आपदा पीड़ित परिवारों का है। इसी सोच के साथ सरकार लगातार काम कर रही है ताकि किसी भी संकट की स्थिति में प्रभावित परिवारों को समय पर आर्थिक सहायता और जरूरी सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास केवल सहायता राशि देना नहीं है, बल्कि पीड़ित परिवारों का मनोबल बढ़ाना और उन्हें हर स्तर पर सहयोग देना भी है।
बिना भेदभाव के विकास का दावा
मंत्री ने कहा कि पूर्व की नीतीश सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए काम किया। ‘न्याय के साथ विकास’ की नीति के तहत बिहार में विकास के कई नए आयाम स्थापित किए गए और राज्य को नई पहचान मिली। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भी उसी विकास मॉडल को आगे बढ़ा रही है और हर नागरिक तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनीष कुमार, प्रखंड जदयू अध्यक्ष धनंजय प्रसाद कुशवाहा, जिला जदयू प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार, देव युगल किशोर, मुखिया विश्वास सिंह, मुखिया प्रमोद यादव, रामजन्म रविदास, मुकेश पासवान, बिट्टू कुशवाहा, पुष्प राज सिंह, छोटू कुमार, नीतीश पाण्डेय, नवीन राउत, राजू साव, महेश पाण्डेय, आकाश कुमार काजल, संजय राम, उदय प्रसाद सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार द्वारा दी जा रही सहायता को महत्वपूर्ण कदम बताया।
