Asia Cup: एशिया कप 2025 की शुरुआत भारतीय टीम ने धमाकेदार अंदाज में की।
Asia Cup: एशिया कप 2025 की शुरुआत भारतीय टीम (Indian Team) ने धमाकेदार अंदाज में की। पहले ही मैच में टीम इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को 93 गेंद शेष रहते 9 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ भारत ने एक ऐसा महारिकॉर्ड अपने नाम किया, जिससे क्रिकेट जगत में उसकी तूती बोल रही है।

UAE की पारी बिखरी, सिर्फ 57 रन पर ऑल आउट
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम (Dubai International Stadium) में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारतीय गेंदबाजों ने इस फैसले को पूरी तरह सही साबित किया। यूएई की टीम सिर्फ 13.1 ओवर में 57 रन पर ढेर हो गई। उनके लिए अलीशान शराफू ने सबसे ज्यादा 22 रन बनाए, जबकि कप्तान मुहम्मद वसीम ने 19 रन का योगदान दिया। बाकी सभी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर सके।
भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटके, शिवम दुबे ने 3 विकेट लिए, जबकि बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने 1-1 विकेट हासिल किया। यह T20I में यूएई का अब तक का न्यूनतम स्कोर भी बन गया।
4.3 ओवर में भारत ने पूरा किया लक्ष्य
सिर्फ 58 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 48 रन जोड़े। अभिषेक ने 16 गेंदों में 3 छक्के और 2 चौकों की मदद से 30 रन बनाए और 3.5 ओवर में आउट हुए। उनके आउट होने के बाद सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करने आए और गिल के साथ मिलकर टीम को 4.3 ओवर में जीत दिला दी। गिल 9 गेंदों पर 20 रन और सूर्या 2 गेंदों पर 7 रन बनाकर नाबाद लौटे।
टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते जीत
- इंग्लैंड बनाम ओमान, नॉर्थ साउंड 2024 – 101 गेंदें
- भारत बनाम यूएई, दुबई 2025 – 93 गेंदें
- श्रीलंका बनाम नीदरलैंड, चटोग्राम 2014 – 90 गेंदें
- जिम्बाब्वे बनाम मोज़ाम्बिक, नैरोबी 2024 – 90 गेंदें
एशिया कप T20 फॉर्मेट की सबसे बड़ी जीत
भारत की यह जीत एशिया कप के इतिहास में T20 फॉर्मेट की सबसे बड़ी जीत बन गई है। इस टूर्नामेंट में इतनी ज्यादा गेंदें शेष रहते आज तक कोई टीम नहीं जीती थी। इस रिकॉर्ड के साथ भारत एशिया कप में सबसे ज्यादा गेंद शेष रहते जीत दर्ज करने वाली पूर्ण सदस्य टीम बन गई है।
ये भी पढ़ेंः Meta: मेटा में इंजीनियर्स के लिए मौक़ा, हिंदी चैटबॉट तैयार करने के हर घंटे मिलेंगे 4500 रुपये

अभिषेक शर्मा ने पारी की पहली गेंद पर जड़ा छक्का
भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा ने एक और खास उपलब्धि हासिल की। वे भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल और संजू सैमसन कर चुके हैं।
अंक तालिका में भारत टॉप पर
इस बड़ी जीत के साथ भारत एशिया कप 2025 की अंक तालिका में ग्रुप ‘ए’ में शीर्ष पर पहुंच गया है। भारत का नेट रन रेट अब 10.483 हो गया है, जिसे पार कर पाना बाकी टीमों के लिए बेहद कठिन होगा।

ये भी पढ़ेंः Bill Gates: AI पर गेट्स की बड़ी भविष्यवाणी, कहा इन 3 सेक्टर में कभी नहीं जाएगी नौकरी
जानिए ग्रुप ‘ए’ का अगला मुकाबला
ग्रुप ‘ए’ में भारत और यूएई के अलावा पाकिस्तान और ओमान शामिल हैं। इस ग्रुप का अगला मुकाबला शुक्रवार, 12 सितंबर को पाकिस्तान और ओमान के बीच खेला जाएगा। वहीं, भारत अपना अगला मैच 14 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान से खेलेगा।
