Chhattisgarh News: सोठी आश्रम पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सेवा कार्यों की सराहना कर नई एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के एक दिवसीय दौरे के दौरान सोठी स्थित भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम का भ्रमण किया। आश्रम पहुंचने पर संस्था के पदाधिकारियों और आश्रमवासियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने आश्रम में संचालित सेवा, चिकित्सा और पुनर्वास गतिविधियों की जानकारी ली तथा संस्था द्वारा वर्षों से किए जा रहे मानव सेवा के कार्यों की सराहना की।

‘मानवता और सेवा का जीवंत केंद्र है सोठी आश्रम’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भारतीय कुष्ठ निवारक संघ आश्रम केवल एक सेवा संस्थान नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और संवेदना का जीवंत केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहां समाज के उपेक्षित और जरूरतमंद लोगों की गरिमा के साथ सेवा की जा रही है, जो भारतीय संस्कृति के ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ के आदर्श को साकार करती है। उन्होंने ऐसे संस्थानों को समाज में मानवीय मूल्यों और सेवा भावना को मजबूत करने वाला बताया।

सिद्धि विनायक मंदिर में की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने संस्था के संस्थापक स्वर्गीय सदाशिव गोविंद कात्रे के चित्र पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सेवा कार्यों को नमन किया।

नई एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने आश्रम के लिए उपलब्ध कराई गई नई एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि यह एम्बुलेंस आश्रम के मरीजों और जरूरतमंद लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और आपातकालीन चिकित्सा सुविधा को और बेहतर बनाएगी।

अस्पताल और स्वास्थ्य सुविधाओं का किया निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने आश्रम परिसर स्थित संत गुरु घासीदास चिकित्सालय का निरीक्षण कर ओपीडी, पैथोलॉजी लैब, एक्स-रे कक्ष, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर और अन्य चिकित्सा इकाइयों का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

कैंसर स्क्रीनिंग वाहन और गौशाला का भी किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने धनवंतरी जनकल्याण समिति द्वारा संचालित निःशुल्क कैंसर स्क्रीनिंग वाहन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक समय पर कैंसर जांच सुविधाएं पहुंचाना जनस्वास्थ्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसके अलावा उन्होंने आश्रम की गौशाला में गौमाता की पूजा कर हरा चारा अर्पित किया और गौसेवा का संदेश दिया।

आश्रमवासियों से मुलाकात कर जाना हालचाल

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आश्रमवासियों से आत्मीय मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें उपहार भी भेंट किए। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश देवी जांगड़े, विधायक किरण सिंह देव सहित कई जनप्रतिनिधि, आश्रम के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।