Vaishno Devi Landslide: माता वैष्णो देवी धाम की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया।
Vaishno Devi Landslide: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी धाम (Mata Vaishno Devi Dham) की ओर जाने वाले मार्ग पर भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया। इस भीषण हादसे में कम से कम 30 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 23 से अधिक लोग घायल हुए हैं। यह हादसा अर्धकुमारी (Ardhkumari) के पास हुआ, जिसने यात्रा मार्ग को बुरी तरह प्रभावित किया। त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित मंदिर के मार्ग का बड़ा हिस्सा मलबे में तब्दील हो गया। सेना, पुलिस, NDRF और SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं, लेकिन मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका बनी हुई है।
बारिश ने बिगाड़े हालात
जम्मू-कश्मीर में लगातार तीन दिनों से हो रही भारी बारिश ने स्थिति को और गंभीर कर दिया है। मंगलवार को जम्मू शहर में 24 घंटे से भी कम समय में 250 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान 6 घंटे में 22 सेंटीमीटर बारिश हुई, जिससे बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए। कई घरों और खेतों में पानी भर गया, बिजली लाइनों और मोबाइल टावरों को भारी नुकसान पहुंचा। आधी रात के बाद बारिश में कमी आई, जिससे जम्मू को थोड़ी राहत मिली।
वैष्णो देवी यात्रा स्थगित
एसएसपी रियासी परमवीर सिंह (SSP Reasi Paramveer Singh) ने बुधवार सुबह कहा कि अर्धकुमारी के पास हुए भूस्खलन में मृतकों की संख्या 30 हो गई है। मंगलवार देर रात तक 7 लोगों की मौत की खबर थी, लेकिन बचाव कार्य के दौरान मृतकों का आंकड़ा बढ़ गया। खराब मौसम के कारण वैष्णो देवी यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। जिला प्रशासन और अन्य एजेंसियों ने 3500 से अधिक लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।

ये भी पढ़ेंः New Rule: 1 सितंबर से पोस्ट ऑफिस समेत कई नियम बदलेंगे, आपकी जेब पर कितना असर होगा ये पढ़िए
रेल और सड़क मार्ग प्रभावित
भारी बारिश और भूस्खलन ने जम्मू-कश्मीर के परिवहन तंत्र को भी प्रभावित किया है। नॉर्दर्न रेलवे ने जम्मू-कटरा रूट पर चलने वाली 22 ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जिनमें से 9 ट्रेनें कटरा बेस कैंप से थीं। इसके अलावा, 27 ट्रेनों को फिरोजपुर, मांडा, चक रक्खवालां और पठानकोट में शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया है। पठानकोट-कांगड़ा रेल ट्रैक पर चक्की नदी में बाढ़ के कारण पठानकोट-कंदरोरी के बीच रेल सेवा भी रोक दी गई है। हालांकि, कटरा से श्रीनगर तक रेल सेवा जारी है।
तवी नदी पर पुल धंसा
मंगलवार को जम्मू में तवी नदी पर बने एक पुल के पास सड़क धंस गई, जिसके कारण कई गाड़ियां हादसे का शिकार हुईं। पुलिस ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। इसके अलावा, डोडा जिले में बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिसमें 10 से 15 घर बह गए। जम्मू-श्रीनगर और बटोटे-किश्तवाड़ जैसे प्रमुख नेशनल हाईवे सहित कई सड़कें बंद हैं।

ये भी पढ़ेंः Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर के डोडा में बादल फटा, तबाही का वीडियो देख लीजिए
प्रशासन का राहत कार्य
जम्मू-कश्मीर में स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने सभी स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालयों को 27 अगस्त बुधवार को बंद रखने का आदेश दिया है। जम्मू एयरपोर्ट भी बंद कर दिया गया है। जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में लगातार जुटी हुई हैं।
