Punjab News: पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित तौर पर बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 हैंड ग्रेनेड, 12 आधुनिक पिस्तौल और 9 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
डीजीपी गौरव यादव के अनुसार, आरोपी पंजाब में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के उद्देश्य से आपराधिक गतिविधियों की योजना बना रहे थे।
तीनों आरोपी अमृतसर के रहने वाले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- चिंटू
- जोबनप्रीत सिंह
- गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी
तीनों अमृतसर जिले के गांव कक्कड़ के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
- 8 पिस्तौल (.30 बोर)
- 4 पिस्तौल (9 एमएम)
- 6 हैंड ग्रेनेड
- 9 जिंदा कारतूस
बरामद किए हैं। इसके अलावा हथियारों की सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही हुंडई आई-20 कार भी जब्त कर ली गई है।
ISI और विदेशी हैंडलरों से जुड़े होने का आरोप
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर आईएसआई और विदेश में बैठे BKI से जुड़े हैंडलरों के निर्देश पर एक विदेशी तस्कर के माध्यम से काम कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने अजनाला क्षेत्र से हथियारों और विस्फोटकों की खेप हासिल की थी और उसे अमृतसर-चोगावां रोड स्थित भारतमाला बाईपास अंडरपास के पास अपने साथियों तक पहुंचाने की योजना थी।
सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर को मिली खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की। तलाशी के दौरान आई-20 कार से विस्फोटक और हथियार बरामद किए गए और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने बताया कि मामले की कई पहलुओं से जांच की जा रही है ताकि हथियारों की सप्लाई चेन, विदेशी हैंडलरों और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा सके।
इस मामले में अमृतसर के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) थाने में शस्त्र अधिनियम, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
