निवेश, रोजगार, नदियों का जुड़ाव और नक्सलवाद पर कड़ी चोट
MP News: मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) ने अपनी सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के अब तक के कार्यों का विस्तृत ब्यौरा दिया। सीएम ने स्पष्ट कहा कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश ने निवेश, रोजगार, नदियों का आपसी जुड़ाव, नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार और हर क्षेत्र में तेज गति से विकास जैसे कई कीर्तिमान स्थापित किए हैं। अब मध्य प्रदेश का विकास कोई नहीं रोक सकता।
निवेश और रोजगार में ऐतिहासिक उपलब्धियां
मोहन सरकार ने मात्र दो वर्षों में 18 नई नीतियां लागू करते हुए 32 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त किए, जिनमें से 8.57 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। 26 नए औद्योगिक पार्क-क्लस्टर को मंजूरी और 33 मौजूदा क्षेत्रों का उन्नयन किया गया। इन्वेस्टर मीट में 23 लाख से अधिक रोजगार सृजन के प्रस्ताव आए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक पटल पर भी मध्य प्रदेश निवेश का मजबूत गंतव्य बनकर उभरा है।
नक्सलवाद पर निर्णायक चोट
नक्सलवाद के खिलाफ मोहन सरकार की सख्त नीति रंग लाई है। पिछले 42 दिनों में ही 42 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया और 10 बड़े नक्सली मुठभेड़ में मारे गए। सीएम ने बताया कि अब नक्सलवाद प्रदेश से लगभग समाप्ति की ओर है और सुरक्षा बल चुनिंदा क्षेत्रों में लक्षित कार्रवाई कर रहे हैं। मध्य प्रदेश अब नक्सल-मुक्ति के करीब है।
नदियों को जोड़ने की महत्वाकांक्षी परियोजनाएं
जल संसाधन के क्षेत्र में मोहन सरकार ने अभूतपूर्व कदम उठाए हैं। केन-बेतवा लिंक परियोजना और पार्वती-चंबल-कालिसिंध लिंक परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इन परियोजनाओं से न केवल बुंदेलखंड सहित सूखा प्रभावित क्षेत्रों में जल संकट दूर होगा, बल्कि पड़ोसी राज्यों के साथ जल-विवाद भी हमेशा के लिए समाप्त हो जाएंगे। सिंहस्थ के दौरान क्षिप्रा नदी पर 29 किमी घाट और 21 बैराज का निर्माण कराया गया तथा 13 अखाड़ों के लिए भूमि आवंटित की गई।
ये भी पढ़ेंः MP News: एमपी के पर्यटकों के लिए बड़ी सौगात, CM मोहन यादव ने दिखाई 10 नई कैंटर बसों को हरी झंडी
कृषि, उद्योग और ऊर्जा में नई क्रांति
कृषि क्षेत्र में सागर में जल्द ही खाद कारखाना शुरू होगा। मुरैना में देश की पहली सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना से बिजली मात्र 2.70 पैसे प्रति यूनिट की दर से उपलब्ध हो रही है। अब मध्य प्रदेश का कपास स्थानीय स्तर पर ही धागे और कपड़े में परिवर्तित हो रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में प्रदेश ने देश में सबसे सस्ती बिजली उपलब्ध कराकर नया कीर्तिमान बनाया है।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यावरण की दिशा में बड़े कदम
भोपाल के यूनियन कार्बाइड केमिकल कचरे का अंतिम निपटान, नए मेट्रोपॉलिटन शहरों का विकास, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, कार्गो एयरपोर्ट और एविएशन नेटवर्क का विस्तार हुआ। उज्जैन, ओंकारेश्वर, पचमढ़ी जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की गई। जल संरक्षण अभियान, पुरानी जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार और गौ-शालाओं की संख्या में वृद्धि कर गोबर, गौमूत्र, दूध-घी जैसी चीजें जनता को आसानी से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
ये भी पढ़ेंः MP News: उज्जैन में महाकाल महोत्सव की तैयारियां शुरू, CM मोहन यादव की पहल से होगी अंतरराष्ट्रीय प्रस्तुति
सीएम डॉ. मोहन यादव ने अंत में कहा, ‘हमारा संकल्प है कि मध्य प्रदेश को विकसित भारत का विकसित प्रदेश बनाना है। पिछले दो साल आधार हैं, आने वाले साल विकास की नई ऊंचाइयों के साक्षी होंगे।’ जनता के जीवन में खुशहाली लाने का यह सफर अब और तेज गति से आगे बढ़ेगा।
