MP News: उज्जैन में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महाकाल महोत्सव आयोजित होने जा रहा है।
MP News: मध्य प्रदेश के उज्जैन में पहला अंतरराष्ट्रीय महाकाल महोत्सव (International Mahakal Festival) 14 से 18 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। सीएम मोहन यादव (CM Mohan Yadav) की पहल से यह भव्य आयोजन संभव हुआ है। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कलाकार, संत और चिंतक शामिल होंगे। महोत्सव में पौराणिक स्थलों, शिव बारात, लोक कला और पतंग उत्सव को प्रमुख आकर्षण बनाया गया है। पढ़िए पूरी खबर…

सीएम मोहन यादव की अनूठी पहल
सीएम डॉ. मोहन यादव (CM Dr. Mohan Yadav) की दूरदर्शी सोच के चलते पहली बार धर्म नगरी उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महाकाल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में धर्म, कला, आध्यात्मिकता और संस्कृति से जुड़े विविध कार्यक्रम शामिल होंगे।
सिंहस्थ मेला कार्यालय में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक
महोत्सव को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए मंगलवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें वीर भारत न्यास के सचिन श्रीराम तिवारी, संभागायुक्त, कलेक्टर, महाकाल मंदिर प्रशासक, एसपी, महाकाल मंदिर के पुजारी और कई विद्वान तथा बुद्धिजीवी शामिल हुए।
14 से 18 जनवरी तक पांच दिवसीय महोत्सव
पांच दिवसीय महोत्सव में शिव तत्व की अनुभूति, दर्शन, कला और जन उत्सव का समन्वय देखने को मिलेगा। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। संत, चिंतक और आध्यात्मिक गुरु अपने विचार साझा करेंगे। इसके साथ ही लोक कला, बैंड, बहुरूपिए, प्रदर्शनी, पतंग उत्सव और भव्य शिव बारात महोत्सव की मुख्य विशेषताएं होंगी।
ये भी पढ़ेंः MP News: सिंहस्थ 2028 से पहले CM मोहन का बड़ा फैसला, 5 हजार से अधिक होमगार्ड को मिलेगी नौकरी
उज्जैन के पौराणिक स्थलों को मिलेगा महत्व
महोत्सव के दौरान उज्जैन के कई ऐतिहासिक और पौराणिक स्थलों को प्रमुखता दी जाएगी, जैसे- काल भैरव मंदिर, चिंतामन गणेश, गढ़ कालिका और भर्तहरि गुफा। आयोजन में आचार्य स्वामी अवधेशानंद गिरी, कैलाश आनंद महाराज, जग्गी वासुदेव, श्री श्री रविशंकर, मोरारी बापू, कुमार विश्वास और आरिफ मोहम्मद खान को आमंत्रित किया गया है।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
प्रशासन ने शुरू की तैयारियां
बैठक के बाद कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि महोत्सव की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। महाकाल मंदिर और कला से जुड़े प्रतिष्ठित नागरिकों ने बैठक में भाग लिया। महोत्सव के प्रत्येक दिन में अलग-अलग आकर्षण होंगे और महाकाल मंदिर से जुड़े आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहलू पूरे आयोजन में प्रदर्शित होंगे। इसे भविष्य में हर वर्ष आयोजित करने का लक्ष्य रखा गया है।
ये भी पढ़ेंः MP News: एमपी के पर्यटकों के लिए बड़ी सौगात, CM मोहन यादव ने दिखाई 10 नई कैंटर बसों को हरी झंडी
महाकाल की महिमा को विश्व तक पहुंचाना लक्ष्य
वीर भारत न्यास के सचिव श्रीराम तिवारी ने कहा कि सीएम मोहन यादव का मानना है कि महाकालेश्वर सृष्टि के रचयिता हैं और उज्जैन उनकी तपस्थली है। भगवान के प्रति श्रद्धा और भक्ति प्रकट करने के लिए यह अंतरराष्ट्रीय आयोजन किया जा रहा है। महाकाल मंदिर न्यास, वीर भारत न्यास, त्रिवेणी न्यास और अन्य स्थानीय संस्थाएं मिलकर पूरे शहर को उत्सवमय बनाने की दिशा में कार्य करेंगी।
