चशोटी गांव में मचैल माता की धार्मिक यात्रा के लिए जुटे कई लोग बहे, रेस्क्यू जारी
Jammu Cloud Burst: उत्तराखंड और हिमाचल के बाद अब जम्मू-कश्मीर में भी बादल फटने की घटना सामने आई है। बता दें कि गुरुवार दोपहर किश्तवाड़ के पड्डर के चशोटी गांव में, मचैल माता मंदिर के पास बादल फट गया, जिससे अचानक बाढ़ आ गई। घटना में भारी तबाही की आशंका जताई जा रही है। वहीं अब तक 15 लोगों की मौत की खबर है। मौके पर राहत-बचाव का काम शुरू कर दिया गया है। पढ़िए पूरी खबर…
श्रद्धालुओं में मची भगदड़
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल के मुताबिक अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हैं। बता दें कि चशोटी गांव से मचैल माता मंदिर की यात्रा शुरू होती है, और घटना के समय यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे। बादल फटने के बाद वहां अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सामने आए एक वीडियो में कई श्रद्धालु रोते हुए अपने परिजन को गोद में लेकर सुरक्षित स्थान की ओर जाते दिखे। फिलहाल किसी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ये भी पढ़ेंः Air India Bumper Sale: सिर्फ 1499 रुपये में करें एयर इंडिया से सफ़र, ऑफर शुरू

बचाव दल मौके पर रवाना
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने X पर पोस्ट कर कहा कि स्थानीय विधायक सुनील कुमार शर्मा से सूचना मिलने के तुरंत बाद उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा से बात की। चशोटी क्षेत्र में भीषण बादल फटने की घटना के बाद प्रशासन अलर्ट पर है। बचाव दल घटनास्थल के लिए रवाना हो चुका है और नुकसान का आकलन जारी है। आवश्यक बचाव एवं चिकित्सा प्रबंधन की व्यवस्था की जा रही है।
मौसम विभाग ने पहले ही जताई थी आशंका
श्रीनगर मौसम केंद्र ने अगले छह घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया था। किश्तवाड़ के पहाड़ी क्षेत्रों, काजीगुंड, बनिहाल और रामबन इलाके में तेज बारिश की संभावना जताई गई थी। साथ ही बादल फटने, अचानक बाढ़ और भूस्खलन का खतरा भी बताया गया था। इस वजह से वुलर झील, डल झील समेत सभी जलाशयों में गतिविधियां रोक दी गई हैं।
ये भी पढ़ेंः Bengaluru: बेंगलुरु में किराए पर घर लेना हुआ मुश्किल, जानिए क्यों?
उपराज्यपाल ने दिए राहत-बचाव तेज करने के निर्देश
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने X प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उपराज्यपाल ने सिविल, पुलिस, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
