UP News: वाराणसी में जनकल्याण योजनाओं का महाकुंभ, दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी

उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वाराणसी में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 12 जून को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के संसदीय क्षेत्र में आयोजित यह कार्यक्रम सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।

विकास और जनकल्याण को मिलेगी नई पहचान

वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद उत्तर प्रदेश में विकास की रफ्तार तेज हुई है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक कल्याण से जुड़ी अनेक योजनाओं ने लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। इन योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों को कार्यक्रम में सम्मानित भी किया जाएगा।

लाभार्थियों को वितरित होंगे स्वीकृति पत्र

शुक्रवार शाम वाराणसी के गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी और जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। इसके साथ ही उनके काल भैरव मंदिर और श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने की भी संभावना है।

कई विभागों के स्टॉल होंगे आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम स्थल पर कृषि, उद्यान, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, श्रम, हथकरघा, मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी, पंचायती राज, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, सेवायोजन और नेडा सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।

इसके अलावा ‘एक जनपद एक व्यंजन’ के तहत बनारस की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और पान का प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के अंतर्गत लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी के उत्पाद भी लोगों को देखने को मिलेंगे।

स्वास्थ्य सेवाओं की भी होगी व्यवस्था

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। महिलाओं के लिए ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की व्यवस्था होगी। दिव्यांग चिकित्सा बोर्ड के अंतर्गत अस्थि रोग, शल्य चिकित्सा और ईएनटी विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। नेत्र परीक्षण और परामर्श के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी तैनात रहेगी।

इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना से संबंधित जानकारी देने के लिए आयुष्मान मित्र मौजूद रहेंगे। सामान्य चिकित्सा और गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच के लिए चिकित्सकों और फार्मासिस्ट की टीम भी सेवाएं देगी। आपातकालीन चिकित्सा सहायता के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की गई है।

बीएचयू में विज्ञान भारती के राष्ट्रीय अधिवेशन में होंगे शामिल

13 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित विज्ञान भारती के 7वें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। दो दिवसीय इस अधिवेशन में भारत और विदेशों से लगभग 1200 प्रतिनिधि भाग लेंगे। इसमें वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। यह आयोजन विज्ञान और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण विचार-विमर्श का मंच बनेगा।