Greater Noida West स्थित इस सोसायटी में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या ने निवासियों का जीना दुश्वार कर दिया है।
Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित इस सोसायटी में आवारा कुत्तों (Stray Dogs) की बढ़ती संख्या ने निवासियों का जीना दुश्वार कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि परिवार अपने बच्चों और बुजुर्गों को सोसायटी (Society) परिसर में अकेले बाहर भेजने से कतराने लगे हैं। आए दिन कुत्तों द्वारा राह चलते लोगों पर हमला करने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे सोसायटी में डर और तनाव का माहौल है।

बेसमेंट और पार्किंग बने डर का केंद्र
यह मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित निराला एस्टेट सोसायटी (Nirala Estate Society) का है। निवासी विशाल और सौरभ ने कहा कि कुत्तों का खतरा अब गंभीर समस्या बन चुका है। सबसे ज्यादा परेशानी बेसमेंट और पार्किंग एरिया में होती है। कुत्ते अक्सर वाहनों के नीचे या आसपास बैठ जाते हैं और जैसे ही कोई व्यक्ति वाहन लेने पहुंचता है, वे अचानक झपट पड़ते हैं। इन घटनाओं के कारण लोग हर वक्त सतर्क रहते हैं।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida West: बाहर बारिश, अंदर समंदर बना सोसायटी का फ्लैट
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
सोसायटी के लोगों ने कई बार इस समस्या को लेकर प्राधिकरण और संबंधित विभागों से शिकायत की है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। निवासियों का कहना है कि न तो कुत्तों को पकड़ने की व्यवस्था की जा रही है और न ही उनकी संख्या को नियंत्रित करने के लिए कोई उपाय किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः Greater Noida West: इस सोसायटी में 2 दिन से पानी नहीं, 600 परिवार बेहाल
डर के साए में रह रहे हैं निवासी
स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि कुछ निवासी अब रात को बाहर निकलने या सुबह टहलने तक से परहेज करने लगे हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द कुत्तों को सोसायटी से हटाने या नियंत्रित करने की कार्रवाई की जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके और सुरक्षित वातावरण वापस लौट सके।
