Rajasthan सरकार ने गंभीर और असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है।
Rajasthan News: राजस्थान सरकार (Rajasthan Government) ने गंभीर और असाध्य रोगों से पीड़ित मरीजों के लिए एक अनूठी पहल शुरू की है। अब ऐसे मरीजों को इलाज के लिए अस्पताल (Hospital) जाने की जरूरत नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग की होम बेस्ड पैलिएटिव केयर (Home Based Palliative Care) योजना के तहत नर्सिंगकर्मी और जरूरत पड़ने पर चिकित्सक मरीजों के घर जाकर उनका इलाज करेंगे। इस योजना को पहले चरण में पाली और अजमेर जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा।

किन बीमारियों में मिलेगी राहत
इस योजना के तहत कैंसर, हृदय रोग, किडनी और लीवर की गंभीर बीमारियों, न्यूरोलॉजिकल समस्याओं, और वृद्धावस्था में होने वाली मल्टीपल क्रॉनिक बीमारियों से पीड़ित मरीजों को घर पर ही इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। नर्सिंगकर्मी मरीजों की स्थिति की जांच करेंगे और चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवाओं के सही उपयोग की जानकारी देंगे। यदि मरीज की हालत बिगड़ती है, तो चिकित्सक से सलाह लेकर दवाओं में बदलाव भी किया जाएगा।
ये भी पढ़ेंः Jaipur: CM भजनलाल शर्मा ने की खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स के आयोजन की समीक्षा
मरीजों और परिवार को मिलेगी सुविधा
होम बेस्ड पैलिएटिव केयर (Home Based Palliative Care) योजना का उद्देश्य मरीजों को दर्द, उल्टी, सांस लेने में तकलीफ, और बेचैनी जैसी समस्याओं से राहत दिलाना है। इसके लिए दवाओं के साथ-साथ अन्य तरीकों का भी उपयोग किया जाएगा। इस सुविधा से परिवारजन मरीज की बेहतर देखभाल कर सकेंगे और उन्हें बार-बार अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे मरीजों के समय और खर्च की बचत होगी।
ये भी पढ़ेंः Jaipur: रत्न-आभूषण, वस्त्र, चमड़ा व हस्तशिल्प उद्यमियों के साथ CM की बैठक
परिवार के साथ अंतिम समय
इस योजना का मुख्य लक्ष्य गंभीर या अंतिम अवस्था में चल रहे मरीजों को उनके घर पर ही देखभाल प्रदान करना है, जिससे उन्हें अस्पताल में अकेले न रहना पड़े। मरीज अपने परिजनों के बीच रहकर इलाज ले सकेंगे, जिससे उन्हें और उनके परिवार को शारीरिक, मानसिक, और सामाजिक राहत मिलेगी। नर्सिंगकर्मी और चिकित्सक के पास मरीज की पूरी जानकारी उपलब्ध रहेगी, जिससे उपचार में आसानी होगी।
