Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट को मिलेगी जाम से राहत
Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट और ग्रेटर नोएडा के बीच यात्रा (Travel) करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। लंबे समय से ट्रैफिक (Traffic) के भारी दबाव से जूझ रही 60 मीटर रोड पर अब ट्रैफिक का भार कम करने के लिए 80 मीटर चौड़ी नई सड़क (New Road) का निर्माण शुरू कर दिया गया है। यह सड़क सेक्टर-3 के पास 60 मीटर रोड को नॉलेज पार्क-5 के पास 130 मीटर रोड से जोड़ेगी। पढ़िए पूरी खबर…

ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी (Greater Noida Authority) के मुताबिक, यह नई सड़क ढाई किलोमीटर लंबी होगी और इसके निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण कार्य शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है। अब तक जमीन विवाद के कारण यह परियोजना अटकी हुई थी, लेकिन प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार (NG Ravi Kumar) की किसान प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद जमीन विवाद सुलझा लिया गया है।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida: ग्रेटर नोएडा-वेस्ट में रेंट पर घर लेने वाले किरायेदारों के लिए जरूरी खबर
इस सड़क के बन जाने से शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक (Crossing Republic) की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा और नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित होगी।
60 मीटर रोड, जो अब तक ट्रैफिक के भारी दबाव में थी, पर बोझ कम होगा। नई सड़क बनने से वाहन सेक्टर-3 से नॉलेज पार्क-5 तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे ना सिर्फ यात्रा का समय कम होगा बल्कि ईंधन की बचत भी होगी। प्राधिकरण की ओर से बताया गया कि ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अंडरपास, यू-टर्न और सड़कों को चौड़ा करने के कई अन्य प्रोजेक्ट भी चल रहे हैं।
NH-9 तक पहुंचना होगा आसान
इस सड़क के निर्माण से एनएच-9 (NH-9) तक पहुंच भी आसान हो जाएगी। वाहन चालकों को अब गौड़ गोलचक्कर (Gaud Roundabout) के जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। वे सीधे क्रॉसिंग रिपब्लिक के रास्ते एनएच-9 तक जा सकेंगे। इसी तरह एनएच-9 से आने वाले लोग भी बिना गोलचक्कर के सीधे ग्रेटर नोएडा की ओर जा सकेंगे। इससे गौड़ गोलचक्कर पर भी ट्रैफिक दबाव घटेगा।
एयरपोर्ट कनेक्टिविटी के लिहाज से भी अहम
प्राधिकरण (Authority) ने कहा कि भविष्य में जब जेवर एयरपोर्ट (Jewar Airport) चालू होगा तो इस मार्ग पर आवागमन और भी अधिक बढ़ जाएगा। ऐसे में ट्रैफिक को संभालने के लिए यह नई सड़क बेहद महत्वपूर्ण साबित होगी। वर्तमान में जिस मार्ग से यातायात हो रहा है, उस पर पहले ही दबाव है। नई सड़क के बनने से यह दबाव संतुलित किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida: ग्रेटर नोएडा से सीधी दिल्ली जाएगी मेट्रो, ये रही पूरी डिटेल
मॉनसून से पहले पूरा होगा काम
अधिकारियों (Officials) ने कहा कि इस सड़क का निर्माण कार्य मानसून शुरू होने से पहले पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। अगले एक महीने में सड़क तैयार करने की योजना है जिससे बारिश के मौसम से पहले लोगों को राहत मिल सके।
