Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गैलेक्सी वेगा सोसाइटी (Galaxy Vega Society) के निवासियों ने आज गैलेक्सी वेगा अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (GVAOA) के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में निवासी शामिल हुए और एसोसिएशन की वर्तमान कार्यकारिणी के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida West: निराला ग्रीन शायर की हैरान करने वाली तस्वीर
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
यह विरोध मुख्य रूप से GVAOA की वर्तमान कार्यकारिणी के कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद चुनाव न कराने और मेंटेनेंस रिकवरी के नाम पर निवासियों पर दबाव बनाए जाने के खिलाफ था। ज्ञात हो कि GVAOA की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल 7 जनवरी 2025 को समाप्त हो चुका है, बावजूद इसके अब तक चुनाव प्रक्रिया आरंभ नहीं की गई है।

इसके अतिरिक्त, वर्तमान अध्यक्ष द्वारा 7 वर्षों से लंबित मेंटेनेंस शुल्क (Maintenance Charges) की रिकवरी के लिए निवासियों पर दबाव बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि जब प्रोजेक्ट अपनी पूर्णता की ओर था, तब वर्तमान अध्यक्ष ने बिल्डर पर वादाखिलाफी के आरोप लगाए थे और निवासियों को मेंटेनेंस भुगतान रोकने के लिए प्रेरित किया था। इस निर्णय के कारण लगभग ₹5 करोड़ से अधिक की राशि बिल्डर के अधूरे कार्यों के एवज में रोकी गई थी। अब वही अध्यक्ष, अधूरे कार्यों को अनदेखा करते हुए, बिल्डर के साथ मिलकर निवासियों पर दबाव बना रहे हैं कि यह राशि उन्हें दे दी जाए।
सोसाइटी के निवासी एवं पूर्व अध्यक्ष हेमचंद तिवारी ने बताया कि पहले वर्ष में बिल्डर के साथ लंबित कार्यों की एक सूची तैयार की गई थी, जो आज तक अधूरी है। इसके बावजूद, वर्तमान कार्यकारिणी और बिल्डर निवासियों से मेंटेनेंस शुल्क मांग रहे हैं, जो पूरी तरह से अनुचित है।

ये भी पढ़ेंः Jaypee Group: जेपी ग्रुप के 7 हज़ार फ्लैट खरीदारों के लिए अच्छी ख़बर
इस मुद्दे को लेकर निवासियों ने आज एक बैठक आयोजित की, जिसमें सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जब तक अधूरे कार्य पूरे नहीं होते, तब तक कोई भी निवासी मेंटेनेंस का भुगतान नहीं करेगा। इसके साथ ही, डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय से आग्रह किया गया है कि वह इस संदर्भ में हस्तक्षेप करते हुए जल्द से जल्द चुनाव प्रक्रिया को शुरू करवाए और सोसाइटी की नई कार्यकारिणी के गठन को सुनिश्चित करे।
