Chhattisgarh News:छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है और प्रदेश में आदिवासी क्षेत्रों के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के छत्तीसगढ़ राज्य बोर्ड के शपथ ग्रहण समारोह में उन्होंने नवगठित बोर्ड को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह संस्था जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा और सामाजिक उत्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय आदिम जाति सेवक संघ का इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने बताया कि देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद इसके पहले अध्यक्ष रहे, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने भी इस प्रतिष्ठित संस्था का नेतृत्व किया था। उन्होंने देशभर से आए पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे जनजातीय बहुल राज्य में इस बोर्ड का गठन बेहद महत्वपूर्ण है।
बस्तर में सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा का तेजी से विस्तार
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और संचार जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि बस्तर अब विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है और यहां पर्यटन भी लगातार बढ़ रहा है। स्थानीय संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य से आकर्षित होकर देश-विदेश से पर्यटक पहुंच रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
नियद नेल्लानार योजना से गांवों तक पहुंचीं मूलभूत सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले कई दशकों से विकास से वंचित रहे लगभग 400 गांवों का अब सर्वेक्षण कराया गया है। नियद नेल्लानार योजना के तहत 500 से अधिक गांवों तक सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई गई हैं। इन क्षेत्रों में नए राशन कार्ड बनाए जा रहे हैं, उचित मूल्य की दुकानें शुरू की गई हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ तेजी से लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर और बस्तर मुन्ने कार्यक्रम पर जोर
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर योजना के तहत दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है ताकि लोगों को समय पर उपचार मिल सके। वहीं बस्तर मुन्ने कार्यक्रम के माध्यम से वनांचलों में रहने वाले लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा रहा है।
शिक्षा, रोजगार और सांस्कृतिक संरक्षण सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसरों से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारतीय आदिम जाति सेवक संघ का नया राज्य बोर्ड जनजातीय विकास के प्रयासों को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा।
