Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इस सोसायटी में मंगलवार देर रात बड़ा हंगामा हो गया।
Greater Noida West: ग्रेटर नोएडा वेस्ट की इस सोसायटी (Society) में मंगलवार देर रात आवारा कुत्तों के मुद्दे को लेकर बड़ा हंगामा हो गया। बता दें कि पशु प्रेमियों (Animal Lovers) और सोसायटी निवासियों के बीच टकराव की स्थिति बन गई। पशु प्रेमियों के एक समूह ने मुख्य गेट पर बैनर और नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इसके चलते सोसायटी का आवागमन घंटों तक ठप रहा और निवासियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
फ्लैट को शेल्टर होम बना दिया गया
यह मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की पाम ओलंपिया सोसायटी (Palm Olympia Society) का है। सोसायटी निवासी विष्णु मिश्रा ने कहा कि परिसर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आरोप है कि एक फ्लैट को कथित रूप से शेल्टर होम में तब्दील कर दिया गया है, जहां बड़ी संख्या में कुत्ते रखे गए हैं। इसके कारण लोग भयभीत हैं और बच्चे-बुजुर्ग घर से बाहर निकलने से भी कतराने लगे हैं।

प्राधिकरण से कई बार की शिकायत
निवासियों का कहना है कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण (Greater Noida Authority) को इस मामले में कई बार शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि पशु प्रेमियों को सोसायटी गेट पर प्रदर्शन की अनुमति आखिर किसने दी।

पहले भी हो चुके हैं प्रदर्शन
यह भी गौर करने वाली बात है कि यह समूह इससे पहले एग्जॉटिका ड्रीमविले और गौर सिटी-2 के 14 एवेन्यू के बाहर भी इसी प्रकार का प्रदर्शन कर चुका है। लगातार हो रही इन घटनाओं से इलाके में असंतोष का माहौल है। फिलहाल पुलिस और प्राधिकरण स्थिति को सामान्य बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं।
