Uttarakhand News: रुड़की, 28 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जनभागीदारी को मजबूत करने और समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रेरित करने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
‘सबका प्रयास’ से ही बनेगा विकसित भारत
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत, नवाचार, युवाओं की भागीदारी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर प्रेरक विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘सबका प्रयास’ का संदेश विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में समाज के हर वर्ग की भूमिका को और मजबूत करता है।
उत्तराखंड सरकार जनकल्याण और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में जनकल्याण, सुशासन, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं युवा सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
