Delhi

Delhi: ‘मेरी दिल्ली, मेरा देश’ का भव्य आयोजन, CM रेखा ने दोहराया एक भारत, आत्मनिर्भर भारत का संकल्प

दिल्ली राजनीति
Spread the love

Delhi के लाल क़िले के ऐतिहासिक प्रांगण में ‘मेरी दिल्ली, मेरा देश’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ।

Delhi News: दिल्ली के लाल क़िले के ऐतिहासिक प्रांगण में शनिवार को ‘मेरी दिल्ली, मेरा देश’ (‘My Delhi, My Country’) कार्यक्रम का भव्य आयोजन हुआ। इस अवसर पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) और उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने संयुक्त रूप से भागीदारी करते हुए एक भारत, आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार किया। यह आयोजन दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों केरल, हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब, अंडमान-निकोबार, चंडीगढ़ और लक्षद्वीप के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था।

दिल्ली के नागरिकों से एकजुट होकर विकास का आह्वान

सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने इस अवसर पर नागरिकों से आह्वान किया कि अब समय आ गया है जब दिल्ली के लोग एकजुट होकर शहर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली की सबसे बड़ी विशेषता उसकी विविधता और अपनापन है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हम सब अलग-अलग राज्यों से आकर दिल्ली में बसे हैं। अपने मूल राज्य से प्रेम होना स्वाभाविक है, लेकिन हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि दिल्ली भी हमारी है और यह देश भी हमारा है।’

Pic Social Media

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समा

कार्यक्रम में दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री आशीष सूद, कपिल मिश्रा, वरिष्ठ अधिकारी, कलाकार, विद्यार्थी और हजारों दर्शक उपस्थित थे। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से समूचे माहौल को उत्सवमय बना दिया। पंजाब का भांगड़ा, केरल की मोहिनीयट्टम, और कर्नाटक का यक्षगान दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने। वहीं मध्य प्रदेश के लोकगीतों और छत्तीसगढ़ के जननृत्यों ने भारत की मिट्टी की खुशबू को मंच पर जीवंत कर दिया।

Pic Social Media

गायक बी प्राक के लाइव कॉन्सर्ट ने बढ़ाया जोश

शाम का मुख्य आकर्षण रहा प्रसिद्ध गायक बी प्राक का लाइव कॉन्सर्ट, जिसमें देशभक्ति और लोकधुनों का संगम देखने को मिला। इसके साथ ही प्रोजेक्शन मैपिंग, लाइट एंड साउंड शो, फूड फेस्टिवल और गेम्स ज़ोन ने पूरे लाल क़िले के वातावरण को उल्लास, उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।

फूड कोर्ट बना दर्शकों का केंद्रबिंदु

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए व्यंजन और दिल्ली के स्थानीय प्रसिद्ध खाद्य पदार्थों से सजे मल्टी-क्यूज़ीन फूड कोर्ट ने लोगों को खूब आकर्षित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली का इतिहास संघर्ष, पुनर्निर्माण और आत्मबल का प्रतीक रहा है। उन्होंने लाल किले की प्राचीन दीवारों को दिल्ली के ‘उत्थान, पतन और पुनर्जन्म’ की साक्षी बताते हुए कहा कि यह शहर हर बार पहले से अधिक दृढ़ होकर उठ खड़ा हुआ है।

Pic Social Media

ये भी पढ़ेंः Delhi के रिहायशी इलाकों के प्राइवेट स्कूलों को मान्यता, रेखा गुप्ता सरकार के फैसले से मिलेंगे 5 बड़े फायदे

हर क्षेत्र में सुधार और प्रगति पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली को अब अपनी पिछली तकलीफों को पीछे छोड़कर आगे बढ़ना है। चाहे यमुना की सफाई, पॉल्यूशन पर नियंत्रण, हरियाली बढ़ाना हो या सड़क और नालों के निर्माण का काम, हर क्षेत्र में सुधार उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य दिल्ली को विकसित, स्वच्छ और सशक्त राजधानी बनाना है।

Pic Social Media

राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल को नमन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन किया और कहा कि उनकी प्रेरणा से देश की एकता और अखंडता आज भी मजबूती से कायम है। उन्होंने घोषणा की कि दिल्ली सरकार अब हर राज्य का राज्य दिवस और राज्य उत्सव पूरे हर्षोल्लास और भव्यता से मनाएगी। मुख्यमंत्री ने इसके लिए सांस्कृतिक मंत्री कपिल मिश्रा को विशेष बधाई दी और कहा कि दिल्ली अब सचमुच ‘मिनी इंडिया’ की पहचान बनेगी।

दिल्ली को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने की अपील

सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने नागरिकों से अपील की कि वे दिल्ली को स्वच्छ, हरित और सुंदर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक रोज़ एक छोटा-सा कार्य राष्ट्रहित में करे चाहे शहर को साफ रखना हो, हरियाली बढ़ाना हो, या किसी जरूरतमंद की मदद तो भारत प्रतिदिन 140 करोड़ कदम आगे बढ़ेगा।

Pic Social Media

ये भी पढ़ेंः Delhi: रेखा गुप्ता सरकार का बड़ा फैसला, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी होगी दूर, इलाज होगा और आसान

राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं और नया संकल्प

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें हर दिन राष्ट्रहित में एक कार्य करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने सभी नागरिकों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि दिल्ली अब एक नए परिवर्तन अध्याय की ओर बढ़ रही है, जिसमें जनता की भागीदारी ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है।