सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी का देश भर में प्रचंड विरोध-प्रदर्शन

Trending दिल्ली दिल्ली NCR पंजाब राजनीति

आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को दिल्ली समेत पूरे देश में पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। देश भर में लोगों ने जगह-जगह बीजेपी (BJP) के खिलाफ प्रचंड प्रदर्शन किया।

ये भी पढ़ेः Delhi के CM केजरीवाल गिरफ्तार..गुस्से में AAP कार्यकर्ता

ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करने के लिए tau.id/2iy6f लिंक पर क्लिक करें

दिल्ली में सुबह से ही समर्थकों का हूजूम ‘आप’ मुख्यालय पहुंचने लगा, जिन्हें पुलिस ने जगह-जगह जबरन रोक दिया। दिल्ली के अलावा, पंजाब, हरियाणा, असम, बैंगलुरु, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में भी जगह-जगह ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध करते हुए भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

पुलिस ने जगह-जगह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, विधायकों और पार्षदों के साथ हजारों कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पंजाब के शिक्षा मंत्री को भी पुलिस ने गिरफ्त में ले लिया। समर्थकों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन उनकी एक न सुनी गई। ‘आप’ का कहना है कि विपक्ष विहिन चुनाव तो कोई भी जीत जाएगा। अगर 56 इंच की छाती में जान है तो भाजपा ईडी-सीबीआई के सहारे नहीं, बल्कि सामने आकर राजनीतिक करें।

आज देश में एक अघोषित आपातकाल जैसी परिस्थिति पैदा हो गई है

इस संबंध में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य डॉ. संदीप पाठक ने प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि आज देश में एक अघोषित आपातकाल जैसी परिस्थिति पैदा हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी सभी विपक्षी दलों को खत्म करने के लिए उनके नेताओं को या तो जेल में डाल रही है या फिर उनको डरा-धमका कर अपनी पार्टी में शामिल करा रही है।

विपक्षी दलों के जो भी नेता बीजेपी में शामिल हो रहे हैं, उनको तो क्लीन चिट मिलते जा रही है। लेकिन जो भी नेता बीजेपी की तानाशाही का विरोध कर रहे हैं। उन पर अन्याय, अत्याचार हो रहा है और उनको गिरफ्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को फर्जी तरीके से गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि, हमें न्याय पालिका और न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। देरी हो सकती है, लेकिन अंत में न्याय जरूर मिलेगा और सच्चाई की जीत होगी।

हमें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, देरी हो सकती है, लेकिन न्याय जरूर मिलेगा

डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को शांतिपूर्ण तरीके से पूरे देश में बीजेपी के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन का ऐलान किया था। लेकिन बीजेपी जिस तरह से पुलिस का दुरुपयोग कर रही है, वह अकल्पनीय है। ऐसा भारत के राजनैतिक इतिहास में शायद ही पहले कभी हुआ होगा।

बीजेपी के खिलाफ धरना-प्रदर्शन के ऐलान के बाद आम आदमी पार्टी के कई नेताओं को गुरुवार रात से घर में नजरबंद कर दिया गया है। वहीं, पार्टी के जो लोग सुबह-सुबह अपने घर से आम आदमी पार्टी के ऑफिस के लिए निकल रहे थे, उनको हिरासत में ले लिया गया।

मोदी जी के मन में इतनी नफरत भरी है कि वो ‘आप’ के एक-एक कार्यकर्ता को गिरफ्तार करा रहे

‘आप’ के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि शांतिपूर्वक तरीके से धरना देना हमारा मूलभूत अधिकार है। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को शांतिपूर्ण तरीके से धरना देना भी बर्दास्त नहीं होता है। उनके मन में इतनी नफरत भरी पड़ी है कि आम आदमी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता, नेता और वॉलिटिंयर्स को गिरफ्तार करवा रहे हैं।

आखिरकार वह इतना डरते क्यों हैं? नरेंद्र मोदी दो तरह से सत्ता चलाते हैं। एक तरफ देश के लिए बड़ी-बड़ी अच्छी बात करते हैं। देश में अमृत काल की बात कहते हैं। वहीं, दूसरी तरफ उनके काम व कारगुजारियों से पता चल जाता है कि सारी भाषा केवल दिखावे के लिए है, पूरी तरह से झूठी और फर्जी है। उन्होंने जिस तरह से अघोषित आपातकाल की परिस्थिति ला दी है। उससे लगता है कि देश में सारी व्यवस्थाएं टूट जाएंगी।

अन्याय चाहे कितना भी मजबूत दिखे, लेकिन उसका अंत होना तय है

संदीप पाठक ने कहा कि बीजेपी ने बिना कारण ‘आप’ के वरिष्ठ नेता आतिशी, सौरभ भारद्वाज समेत कई विधायक, पार्षद, नेताओं, कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। इनको शांतिपूर्ण तरीके से पार्टी मुख्यालय में एकत्र होकर प्रदर्शन करना भी स्वीकार नहीं है। बीजेपी से कहना चाहता हूं कि जो भी षडयंत्र रचा है, वह उल्टा पड़ने वाला है। ये इतना उल्टा पड़ेगा कि इतिहास भी याद रखेगा।

सीएम अरविंद केजरीवाल मामूली नेता नहीं है, जिसे आप गिरफ्तार करवा लोगे तो वह चुपचाप बैठ जाएंगे। केजरीवाल दोगुनी ताकत से आपके पीछे आएंगे। एक अरविंद केजरीवाल से निपटने में तो बीजेपी के पसीने छूट गए। क्या होगा, जब पूरे देश में हर घर-परिवार में एक केजरीवाल पैदा होगा।

सीएम केजरीवाल ने दिल्ली के जनता को सुखी बनाने के लिए दिन-रात बहुत काम किया है। दिल्ली के परिवार वालों को खुश रखने के लिए अपना सबकुछ दांव पर लगा दिया। यही वजह है कि दिल्ली और देश की सारी जनता केजरीवाल के साथ खड़ी है और बीजेपी को तानाशाही का जवाब देने के लिए तैयार है। जनता लोकसभा चुनाव में पूरी ताकत से बीजेपी को जवाब देगी। अन्याय चाहे कितना भी मजबूत दिखे, उसका अंत होना सुनिश्चित है।

केजरीवाल के परिवार को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है और किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा

सीएम अरविंद केजरीवाल के परिवार से मिलने पहुंचे ‘आप’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री गोपाल राय को पुलिस ने काफी देर तक आवास के बाहर रोक कर रखा और इंतजार करने के लिए कहा। इससे नाराज गोपाल राय ने कहा कि यह जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, उससे लगता है कि इन्होंने सचमुच देश के अंदर तानाशाही घोषित कर दी है। ऐसी खबर मिल रही है कि पार्टी कार्यालय को भी चारों तरफ से सील कर दिया गया है।

यहां मैं अरविंद केजरीवाल के परिवार से मिलने के लिए आया हूं। सीएम अरविंद केजरीवाल के परिवार को भी हाउस अरेस्ट कर लिया गया है, किसी को भी आने जाने नहीं दिया जा रहा है। किसी को नहीं पता कि कल रात से उनके परिवार की क्या स्थिति है?

‘आप’ के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि पुलिस ने मुझे बहुत देर से बाहर रोक कर रखा है और इंतजार करने के लिए कहा कि उनका परिवार अंदर है, उनके बुजुर्ग माता-पिता बीमार हैं। उनकी पत्नी अंदर हैं। उनसे मिलने के लिए हमें क्यों इंतजार करना है? उनका और मेरा क्या गुनाह है? हमें किस कानून के तहत रोका जा रहा है।

ये कह रहे हैं कि सीएम अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार की वजह से गिरफ्तार किया जा रहा है, लेकिन उनके पुरिवार को किस कानून के तहत हाउस अरेस्ट पर रखा गया है। मुझे किस कानून के तहत रोका जा रहा है। ये साफ-साफ दिखा रहा है कि इस देश के अंदर तानाशाही को स्थापित किया जा रहा है।

हम इस लड़ाई को लड़ेंगे। इस देश में अंग्रेजों ने भी लोगों को गुलाम बनाने के लिए बंदूक के दम पर चप्पे-चप्पे पर रोका था, लेकिन लोग फिर भी लड़े थे। ये लोग जितना भी दमन करेंगे, देश में करोड़ों लोग उतनी ही मजबूती के साथ अपनी आवाज को उठाएंगे।

भाजपा आम आदमी पार्टी को सुपारी जितनी कहती है, आज उसे कुचलने के लिए मोदी सरकार ने पूरी ताकत लगा दी है
सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली सरकार में कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश में पूरी तरह से गुंडागर्दी चल रही है। सीएम अरविंद केजरीवाल के परिवार वालों को घर में नजरबंद किया हुआ है।

उनकी मां एक दिन पहले ही अस्पताल से आई थीं और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके परिवार वालों को किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा। आइटीओ में जाने नहीं दिया जा रहा है और शांतिपूर्ण धरने को रोका जा रहा है। आइटीओ जाने की कोशिश करने पर पुलिस वाले हमको उठा कर फेंक रहे हैं। केवल लोकसभा चुनाव जीतने के लिए इस तरह की तानाशाही का जा रही है। लेकिन लोग जहां पर भी होंगे, वहां पर धरना करेंगे। ये धरना रुकेगा नहीं। कभी दमन करने से क्रांति रुकती नहीं है।

प्रधानमंत्री जितना दमन करेंगे, क्रांति उतनी बढ़ेगी। हर गली-मोहल्ले में सीएम अरविंद केजरीवाल पैदा होंगे। अभी एक्स पर “आई स्टैंड विद केजरीवाल” पूरी दुनिया में नंबर-1 ट्रेंड कर रहा है। इससे पता चलता है कि सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने से लोग कितने दुखी हैं।

केंद्र सरकार गुंडागर्दी करके हमको कुचलने की कोशिश कर रही है। वह जिसको सुपारी जितनी छोटी पार्टी कहते थे, केंद्र सरकार ने आज उसे कुचलने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। कोर्ट में हम तीन बात रखेंगे। पहली सीएम अरविंद केजरीवाल को उनके परिवार से मिलने की इजाजत हो। सीएम अरविंद केजरीवाल को ऑफिशियली काम करने की इजाजत हो। सीएम अरविंद केजरीवाल को उनके वकील से मिलने की इजाजत हो।

मोदी सरकार की यह तानाशाही है

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आम आदमी पार्टी के नेता, मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता सुबह से ही पार्टी मुख्यालय पहुंचने लगे थे। इस कड़ी में दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज भी पार्टी मुख्यालय में पहुंचने की कोशिश के रहे थे। लेकिन दिल्ली पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक लिया।

पुलिस ने दोनों नेताओं को जबरन हिरासत में लेकर बस में बैठाने का प्रयास किया। इसका नेताओं ने विरोध किया लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी और जबरदस्ती बस में बैठा दिया। इस दौरान आतिशी ने सीएम की गिरफ्तारी पर कहा कि यह मोदी सरकार की तानाशाही है।

सीएम केजरीवाल ने चौथी फेल राजा को चौथी फेल राजा कहने का कसूर किया

दिल्ली पुलिस ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस को दिल्ली में हिरासत में लिया। वो ‘‘आप’’ के आह्वान पर प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आ रहे थे। उन्होंने मीडिया से कहा कि वसूलों पर जब आंच आए तो टकराना जरूरी है, अगर जिंदा हो तो जिंदा नजर आना जरूरी है। आज देश की राजनीति में अरविंद केजरीवाल एक मांत्र ऐसे सख्स और आम आदमी पार्टी एक मात्र ऐसी पार्टी थी, जिसे भाजपा को डर लगता है।

जबकि भाजपा खुद को दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बताती है। वैसे तो भाजपा वाले बोलते हैं कि नरेंद्र मोदी नहीं तो कौन? लेकिन उनको पता है कि अगर नरेंद्र मोदी नहीं तो अरविंद केजरीवाल हैं। इसलिए सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी हुई है। कोई शराब घोटाला नहीं हुआ है और न तो यह कोई केस ही है। असल में केस यह है कि सीएम अरविंद केजरीवाल ने एक चौथी फेल राजा को चौथी फेल राजा कहने का कसूर किया। देश के लोग जानते हैं कि दो साल से उनकी यही मंसा थी। जेल में डालने से कभी कोई खत्म नहीं होता है। सीएम अरविंद केजरीवाल एक सोच हैं, जिनको देश के लाखों नौजवान फालो करते हैं। इससे पार्टी का जनाधार बढ़ेगा।

‘आप’नेताओं को गिरफ्तार करना तानाशाही नहीं तो और क्या है?

सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता जस्मीन शाह ने कहा कि एक फर्जी केस में आम आदमी पार्टी के चार बड़े नेताओं को जेल में डाल दिया गया है। अरविंद केजरीवाल के परिवार को कल रात से ही हाउस अरेस्ट कर रखा गया है। अब आम आदमी पार्टी के मंत्रियों और नेताओं को अरेस्ट कर लिया गया है। यह तानाशाही नहीं तो और क्या है?

अब भाजपा 400 पार भी नहीं कर पाएगी

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एंव पूर्वी दिल्ली से लोकसभा प्रत्याशी कुलदीप कुमार को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट से अरविंद केजरीवाल को जरूर राहत मिलेगी। बीजेपी के 400 पार के नारे की हवा निकली हुई है, अब बीजेपी देश में 40 पार भी नहीं कर पाएगी। देश के लोग भाजपा को जरूर जवाब देंगे।

‘आप’ मुख्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी

गुरुवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने के बाद आम आदमी पार्टी के मंत्री, विधायक, नेता और कार्यकर्ताओं का शुक्रवार सुबह से राऊज एवेन्यू स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी मुख्यालय पर सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध और बीजेपी शासित केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर धरना-प्रदर्शन और नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं ने के हाथों में नारों से लिखी तख्तियां थी और उन्होंने मोदी-शाह हो बर्बाद, मोदी जब-जब डरता है, पुलिस को आगे करता है, मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी-नहीं चलेगी, मोदी तेरी गुंडागर्दी नहीं चलेगी-नहीं चलेगी, मोदी तेरी हिटलरशाही नहीं चलेगी-नहीं चलेगी आदि नारे लगाए।

‘‘मैं भी केजरीवाल’’ के लगे जमकर नारे

सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर जनता में भाजपा और केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा और नाराजगी है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में अरविंद केजरीवाल के समर्थन में सड़कों पर उतरे लोगों के हाथों में ‘मै भी केजरीवाल’ के नारे लिखे पोस्टर व तख्तियां भी थी। इस दौरान समर्थक ‘मैं भी केजरीवाल‘ के नारे भी लगा रहे थे। उनका कहना था कि अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करने से उनकी विचार धारा नहीं मर सकती है। उनके जेल जाने से देश में ढेरों केजरीवाल पैदा होंगे।

गुजरात में ‘आप’ के कई नेता हिरासत में

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में गुजरात में भी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और भाजपा व मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन से रोकना चाहा। जब कार्यकर्ता प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने उनको जबरन हिरासत में ले लिया। इस दौरान पुलिस ने गुजरात के प्रदेश प्रमुख ईशुदान गढ़वी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी हिरासत में ले लिया।

महाराष्ट्र में भी जबरदस्त प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने महाराष्ट में भी जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर पहुंचे और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान उन्होंने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को गैर कानूनी बताते हुए तत्काल छोड़ने की मांग की।

केरल में भी भड़की जनता

सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर केरल में भी जनता भड़क र्गइअ और सड़क पर उतर आए। हाथों में नारों से लिखी तख्तियां लेकर लोग भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने पैदल मार्च कर गिरफ्तारी का विरोध किया और भाजपा और पीएम मोदी के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए।

चेन्नई में भी समर्थकों का प्रदर्शन

सीएम अरविंद केजरीवाल के समर्थन में चेन्नई में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने प्रदर्शन कर अपने गुस्से का इजहार किया। समर्थकों ने भाजपा और मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर सीएम अरविंद केजरीवाल को तुरंत छोड़ने की मांग की।

बैंगलुरु में भी गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन

सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ बेंगलुरु में समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री मोदी और केंद्र की तानाशाह सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि नफरत की राजनीति करने वाली ने सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार करके अपने पैर में कुल्हाड़ी मार ली है। अब वो समय दूर नहीं है, जब उसे देश की जनता का सामना करना होगा।

असम में लगे केजरीवाल के समर्थन में नारे

सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद असम में भी लोगों ने उनके समर्थन में नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को गैर कानूनी तरीके से गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने सख्ती के साथ प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत करा दिया।

विधायकों-पार्षदों ने सीएम के परिजनों से की मुलाकात

सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनके परिवार के लोग अकेले ही घर में हैं। सीएम के परिजनों से लोगों के मिलने का सिलसिला जारी है। पार्टी के सभी विधायक और पार्षद भी शाम को सीएम के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान सभी विधायक और पार्षद पैदल मार्च करते हुए उनके घर पहुंचे। इस दौरान दिल्ली विधानसभा के स्पीकर और पंजाब विधानसभा के स्पीकर भी मौजूद रहे। इससे पहले पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने भी घर पहुंच कर परिजनों से मुलाकात की।