Weather Alert

Weather Alert: देश के इन राज्यों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग की लिस्ट में ये राज्य शामिल

TOP स्टोरी Trending दिल्ली NCR
Spread the love

Weather Alert: उत्तर भारत में मानसून ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है।

Weather Alert: उत्तर भारत में मानसून (Monsoon) ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर से लेकर पहाड़ी राज्यों और मैदानी इलाकों तक लगातार हो रही बारिश (Rain) से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट (Alert) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक और पूरे सप्ताह बारिश की संभावना है। पढ़िए पूरी खबर…

Pic Social Media

कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात, जनजीवन प्रभावित

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में बीते 24 घंटों के दौरान हुई भारी बारिश से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इन इलाकों में आज यानी बुधवार को भी मूसलाधार बारिश जारी रहने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश का अलर्ट

दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग के मुताबिक, 30 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और पूरे हफ्ते बादल छाए रहेंगे। बुधवार सुबह से ही नोएडा और दिल्ली के कई इलाकों में बारिश हो रही है। आज रात तक भी बारिश जारी रह सकती है।

27 अगस्त को कहां-कहां बरसेगा पानी

मौसम विभाग के मुताबिक, राजस्थान में 27 अगस्त को बहुत भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, ओडिशा, विदर्भ, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश का अनुमान है। वहीं गुजरात, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अगले 6-7 दिनों तक लगातार बारिश हो सकती है। 28 अगस्त को मराठवाड़ा और 27-28 अगस्त को मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों में बहुत भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

Pic Social Media

तमिलनाडु, बिहार, झारखंड समेत दक्षिण भारत में भी बारिश का असर

तमिलनाडु में 27 और 28 अगस्त को बहुत भारी बारिश की संभावना है। वहीं बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल और केरल में भी अगले 24 घंटे के दौरान हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र और लक्षद्वीप में भी इसी तरह की स्थिति रहेगी।

पंजाब-हरियाणा और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश की चेतावनी

पंजाब, हरियाणा और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड, पूर्वोत्तर राज्यों और अंडमान-निकोबार द्वीपसमूह में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि तेलंगाना, दक्षिण छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा और ओडिशा में कहीं-कहीं भारी बौछारें पड़ सकती हैं।

ये भी पढ़ेंः Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर के डोडा में बादल फटा, तबाही का वीडियो देख लीजिए

उत्तर प्रदेश में 22 जिले बाढ़ की चपेट में, बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के आगरा, मथुरा, बरेली, पीलीभीत, सहारनपुर समेत 22 जिलों में भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। गंगा और यमुना नदियों के उफान पर रहने के कारण कई बांधों के गेट खोलने पड़े हैं, जिससे निचले इलाकों में खतरा और बढ़ गया है।

Pic Social Media

पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन का खतरा

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले 7 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बिजली गिरने और मूसलाधार बारिश की भी संभावना है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की भी घटनाएं हो सकती हैं, जिससे सड़क यातायात और स्थानीय जीवन प्रभावित हो सकता है।

पूर्वोत्तर भारत में भी तेज बारिश जारी रहने का अनुमान

27 से 31 अगस्त तक असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश जारी रह सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले 7 दिनों तक तेज बारिश का सिलसिला बना रह सकता है, जिससे इन इलाकों में भी बाढ़ और जलजमाव की स्थिति बन सकती है।

ये भी पढ़ेंः New Rule: 1 सितंबर से पोस्ट ऑफिस समेत कई नियम बदलेंगे, आपकी जेब पर कितना असर होगा ये पढ़िए

लद्दाख में मौसम की पहली बर्फबारी, रेड अलर्ट जारी

केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। 18,379 फुट ऊंचा खारदुंग ला दर्रा, चांगला टॉप, और जांस्कर घाटी में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई है। मौसम विभाग ने लद्दाख के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।