Uttarakhand: चारधाम यात्रा के लिए रिकॉर्ड तोड़ पंजीकरण, धामी सरकार ने श्रद्धालुओं के लिए बढ़ाया डिजिटल कदम
Uttarakhand News: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार और जिला प्रशासन लगातार यह प्रयास कर रहे हैं कि चारधाम यात्रा (Char Dham Yatra 2025) के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा के दौरान कहीं भी किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उनकी यात्रा सुखद, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए नए नए काम भी किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी (CM Pushkar Singh Dhami) के नेतृत्व में सरकार ने इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। आपको बता दें कि रुद्रप्रयाग (Rudraprayag) जिले में एक अभिनव तकनीकी सुविधा की शुरुआत धामी सरकार द्वारा की गई है, जो न केवल आम समय में बल्कि आपदा की स्थिति में भी अत्यंत उपयोगी साबित होगी।

ये भी पढ़ेंः Kedarnath: बाबा केदार के खुले कपाट, CM पुष्कर सिंह धामी ने दी शुभकामनाएं, बांटा प्रसाद
मुफ्त में मिलेगी ये सुविधा
रुद्रप्रयाग जिले के डीएम सौरभ गहरवार की पहल पर डिस्ट्रिक्ट डिजास्टर रिसोर्स नेटवर्क नाम के एक अलग मोबाइल नेटवर्क की स्थापना की गई है। यह नेटवर्क ना सिर्फ आपदा के समय में लगातार सेवा प्रदान करता रहेगा, बल्कि इसमें मोबाइल डाटा, वॉइस कॉलिंग, उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी विजुअल्स (CCTV Visuals) और वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। इस नेटवर्क के तहत रुद्रप्रयाग में चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को अब फ्री हाई-स्पीड वाई-फाई की सुविधा का लाभ मिलेगा। मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती ने जानकारी दी कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए श्रद्धालुओं को अपने मोबाइल की वाई-फाई सेटिंग्स में जाकर मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। ओटीपी भरने के बाद उन्हें आधे घंटे के लिए हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा बिलकुल फ्री (Free Wi-Fi) मिलेगी।
ये भी पढे़ंः Uttarakhand: ड्रोन तकनीक से उत्तराखंड को मिलेगी नई उड़ान: CM धामी
श्रद्धालुओं की सुविधा में बड़ा कदम
साल 2024 के जुलाई में केदारनाथ (Kedarnath) पैदल मार्ग पर आई आपदा के समय जब अन्य सभी मोबाइल नेटवर्क बंद हो गए थे तो उस समय यह नेटवर्क जीवन रेखा बनकर सामने आया। इसके जरिए न केवल फंसे यात्रियों और श्रमिकों ने अपने घरों से संपर्क किया, बल्कि राहत और बचाव कार्यों में भी इसे अत्यंत प्रभावी माना गया। शनिवार को इस सुविधा का सफल परीक्षण किया हुआ और इसके बाद इसे औपचारिक रूप से श्रद्धालुओं को समर्पित कर दिया गया। बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस नई तकनीकी सुविधा पर खुशी जाहिर की और प्रदेश सरकार एवं प्रशासन को धन्यवाद दिया। रुद्रप्रयाग ऐसा पहला जिला बन गया है जहां का खुद का एक पूर्ण मोबाइल नेटवर्क है।
आपको बता दें कि चारधाम यात्रा 2025 की शुरुआत 30 अप्रैल को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हो गई है। 2 मई को केदारनाथ धाम के कपाट भी विधिवत रूप से खोले गए। इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं केदारनाथ पहुंचे और मुख्य सेवक भंडारा परिसर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए हैं।
चारधाम यात्रा को लेकर 22 लाख से ज्यादा श्रद्धालु अब तक पंजीकरण करा चुके हैं। चारधाम यात्रा का मार्ग हर साल गर्मियों में शुरू होता है और उत्तराखंड में यह तीर्थ यात्रा का चरम समय होता है। इस पवित्र यात्रा में यमुनोत्री, गंगोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ जैसे प्रमुख तीर्थ शामिल हैं।
