Delhi की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कालकाजी क्षेत्र में एक नए जन सेवा केंद्र का उद्घाटन किया।
Delhi News: दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने कालकाजी विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी पार्क के पास डीडीए फ्लैट्स स्थित सामुदायिक केंद्र में एक जन सेवा केंद्र (Public Service Center) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बीते पांच महीनों में दिल्ली में सीवरेज प्रबंधन, जल निकासी, सड़क निर्माण, जल आपूर्ति और पॉल्यूशन नियंत्रण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिससे राजधानी का चेहरा बदलने लगा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी सरकार दिल्ली के विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं होने देगी।
‘नारी शक्ति’ को समर्पित आयोजन
सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने इस आयोजन को ‘नारी शक्ति’ को समर्पित बताते हुए कहा कि यह महिला नेतृत्व और सशक्तिकरण का प्रतीक है, क्योंकि इस मौके पर विधायक, सांसद और मुख्यमंत्री तीनों ही महिलाएं हैं। उन्होंने ग्रेटर कैलाश की विधायक शिखा रॉय की प्रशंसा की, जो पिछले 30 वर्षों से जनता की निस्वार्थ सेवा कर रही हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली की जनता द्वारा बीजेपी की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ को चुनने को जनता की एकजुटता और विकास के प्रति उनके संकल्प का प्रतीक बताया।
ये भी पढ़ेंः Delhi सरकार झुग्गीवासियों को देगी नया घर, 50 हजार फ्लैट्स को लेकर योजना तैयार
दिल्ली के बाजार अब 24×7 खुले रहेंगे
सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने घोषणा की कि दिल्ली के बाजार अब 24 घंटे, सातों दिन खुले रह सकेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को लाइसेंस जैसे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके लिए एकल खिड़की प्रणाली (सिंगल विंडो सिस्टम) लागू की जाएगी, जिससे प्रशासनिक प्रक्रियाएं सरल और सुव्यवस्थित होंगी। यह कदम व्यापारियों को राहत देने और दिल्ली की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए उठाया गया है।
छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान, ‘विकसित दिल्ली’ का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के नागरिकों की छोटी-छोटी आकांक्षाओं को गंभीरता से लेती है, चाहे वह नालियों की सफाई हो, गलियों की मरम्मत हो या जल निकासी की समस्याओं का समाधान हो। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार हर विकास कार्य के लिए तत्परता से सहायता प्रदान करेगी। सीएम रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के विजन के अनुरूप ‘विकसित दिल्ली’ बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
ये भी पढ़ेंः Delhi को मिलेगा नया सचिवालय, जल्द शुरू होगी जगह की तलाश: CM Rekha Gupta
सुशासन और सेवा का नया केंद्र
नवउद्घाटित जन सेवा केंद्र को सीएम रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करने का एक प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि यह केंद्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और सुशासन के संकल्प को साकार करेगा, जिससे अंतिम पंक्ति के नागरिक तक विकास और अधिकार समयबद्ध रूप से पहुंच सकें।
