मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा- छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करें शिक्षण संस्थान
सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा
Punjab News: भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव और सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार हमलों के बीच पंजाब सरकार (Punjab Government) ने राज्य के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों की सुरक्षा (Student Safety) को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस (Minister Harjot Singh Bains) ने एक आधिकारिक पत्र जारी करते हुए सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को छात्रों की सुरक्षा और भलाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए कहा है। पढ़िए पूरी खबर…

सीमावर्ती स्कूल बंद, कैंपस में सुविधाएं करें सुनिश्चित
मंत्री हरजोत सिंह बैंस (Minister Harjot Singh Bains) ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों के स्कूल अगले आदेश तक बंद रहेंगे। उन्होंने शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि कैंपस में रहने वाले छात्रों के लिए भोजन, आवास, देखभाल और अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। बैंस ने स्पष्ट किया कि यदि कोई छात्र सुरक्षा, आवागमन या व्यक्तिगत कारणों से कैंपस छोड़ना नहीं चाहता, तो उसे इसके लिए मजबूर नहीं किया जाए।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि यदि छात्र परीक्षाओं (Student Exams) के लिए कैंपस में नहीं रुकना चाहते, तो उन्हें रहने के लिए बाध्य न किया जाए। जो छात्र अपने घर जाना चाहते हैं, उन्हें बिना किसी शैक्षणिक दंड के ऐसा करने की अनुमति दी जाए। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए परीक्षाओं को स्थगित करने और वैकल्पिक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
नोडल अधिकारी और हेल्प-डेस्क की नियुक्ति
मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सभी शिक्षण संस्थानों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने और छात्रों के लिए हेल्प-डेस्क (Help-Desk) स्थापित करने का आदेश दिया है, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने छात्रों की चिंताओं को तुरंत दूर करने पर जोर दिया।
ये भी पढ़ेंः
सुरक्षा में कोताही पर सख्त कार्रवाई
शिक्षा मंत्री बैंस ने कहा कि छात्रों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा प्रोटोकॉल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और इसके लिए संबंधित संस्थान का प्रबंधन व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होगा। मंत्री हरजोत सिंह बैंस (Minister Harjot Singh Bains) ने सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों से इन निर्देशों का तत्काल पालन करने और छात्रों की सुरक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाने को कहा।
