Delhi News: नई दिल्ली, 17 जुलाई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के छात्रों के लिए दो बड़ी घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त से दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर में अटल कैंटीन शुरू की जाएगी, जहां छात्रों को सिर्फ 5 रुपये में पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही छात्रों की आवाजाही आसान बनाने के लिए 50 नई यू-स्पेशल (U-Special) बस सेवाएं भी जल्द शुरू की जाएंगी।
शहीद भगत सिंह कॉलेज के हीरक जयंती समारोह में घोषणा
मुख्यमंत्री ने ये घोषणाएं दिल्ली विश्वविद्यालय के शहीद भगत सिंह कॉलेज के हीरक जयंती (60 वर्ष) समारोह के दौरान कीं। इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. योगेश सिंह, कॉलेज के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार अत्री, शिक्षक, छात्र और पूर्व छात्र भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कॉलेज के वर्षभर चलने वाले हीरक जयंती कार्यक्रमों के कैलेंडर और डिजिटल आर्काइव के क्यूआर कोड का भी अनावरण किया।
शिक्षा और बुनियादी ढांचे पर सरकार का जोर
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार स्कूलों और उच्च शिक्षण संस्थानों में स्मार्ट क्लासरूम, आधुनिक प्रयोगशालाओं और बेहतर बुनियादी ढांचे के विकास पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली को वैश्विक शिक्षा केंद्र बनाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालयों में छात्रावास सुविधाओं का भी विस्तार किया जाएगा। इस दिशा में प्रस्तावित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय के नए परिसर में दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के लिए हॉस्टल विकसित करने का प्रस्ताव विचाराधीन है।
‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से देश निर्माण का आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद भगत सिंह कॉलेज ने छह दशकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ विद्यार्थियों को तैयार किया है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षण संस्थान देश के भविष्य और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, कुलपति प्रो. योगेश सिंह ने कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना करते हुए बताया कि संस्थान ने राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) में 101वें स्थान से 39वें स्थान तक की उल्लेखनीय छलांग लगाई है
