6 हथियार और 5.75 लाख रुपये हवाला राशि बरामद
गिरफ़्तार आरोपी महिकप्रीत सिंह अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर सिंडिकेट चला रहा था: डीजीपी गौरव जग्ग्राह
मुख्य आरोपी महिकप्रीत को गोवा से किया गया गिरफ्तार: सीपी अमृतसर गुरप्रीत भुल्लर
Punjab News: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाई जा रही मुहिम के दौरान गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने 6 आधुनिक हथियारों और 5.75 लाख रुपये की हवाला राशि समेत छह सदस्यों को गिरफ्तार कर सरहद पार से संचालित संगठित हथियार तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।
ये भी पढ़ें: Punjab News: पंजाब सरकार द्वारा सहकारी बैंकों के माध्यम से फसल अवशेष प्रबंधन ऋण योजना शुरू
बताया गया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान इस प्रकार है—प्रगट सिंह निवासी गांव वान तारा सिंह, तरनतारन; अजयबीर सिंह उर्फ अजय निवासी गली पंजाब सिंह, अमृतसर; करणबीर सिंह उर्फ करण निवासी पाल एवेन्यू, अमृतसर; श्रीराम निवासी पाल एवेन्यू, अमृतसर; महिकप्रीत सिंह उर्फ रोहित निवासी अफसर कॉलोनी, अमृतसर और दिनेश कुमार निवासी आदमपुर, जालंधर।
बरामद हथियारों में एक 9 एमएम ग्लॉक, तीन .30 बोर पीएक्स-5 पिस्तौल, एक .32 बोर और एक .30 बोर पिस्तौल शामिल हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि यह सिंडिकेट गिरफ्तार आरोपी महिकप्रीत सिंह उर्फ रोहित द्वारा सोशल मीडिया के जरिए अपने विदेशी हैंडलरों के निर्देशों पर चलाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई के दौरान जांच के अलग-अलग चरणों में कई बरामदगियां हुई हैं। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां व बरामदगियां होने की संभावना है।
पुलिस कमिश्नर (सीपी) अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए बताया कि आरोपी प्रगट सिंह को पहले दो हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया था, जो सरहद पार से आई खेप का हिस्सा थे और नेटवर्क के जरिए आगे वितरित किए जाने थे। जांच के दौरान, मॉड्यूल के अन्य सदस्यों अजयबीर, करणबीर और श्रीराम को भी एक पिस्तौल समेत गिरफ्तार किया गया।
ये भी पढ़ें: Punjab: पंजाब द्वारा 2024-25 पेराई सीज़न के लिए गन्ने के भुगतान हेतु 679.37 करोड़ रुपये जारी : हरपाल सिंह चीमा
उन्होंने आगे बताया कि मॉड्यूल के मुख्य सरगना महिकप्रीत को गोवा से गिरफ्तार किया गया और उसके पास से तीन हथियार बरामद किए गए। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि हथियार तस्करी के धंधे का पैसा हवाला नेटवर्क के जरिए भेजा गया था, जिसमें आरोपी दिनेश को 5.75 लाख रुपये हवाला राशि सहित गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में अमृतसर के थाना गेट हकीमा में शस्त्र अधिनियम की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 218 दिनांक 18-08-2025 दर्ज की गई है।
