Punjab News: आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने बुधवार को लुधियाना में एक घायल नशा विरोधी कार्यकर्ता से मुलाकात की। यह कार्यकर्ता नशा तस्करी से जुड़े लोगों के हमले में घायल हो गया था और फिलहाल मोहन दई अस्पताल में इलाज करा रहा है।
बलतेज पन्नू ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित और उसके परिवार से मुलाकात की और उन्हें पंजाब सरकार की ओर से हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि जो लोग नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ साहस के साथ लड़ रहे हैं, सरकार उनके साथ पूरी मजबूती से खड़ी है।
विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू भी रहे मौजूद
इस दौरान विधायक कुलवंत सिंह सिद्धू और नशा मुक्ति मोर्चा के सदस्य भी मौजूद थे। बलतेज पन्नू ने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और इस लड़ाई को हर हाल में जीतने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि जो लोग नशा तस्करी का खुलासा कर रहे हैं और समाज को इस बुराई से बचाने की कोशिश कर रहे हैं, सरकार उनके साथ चट्टान की तरह खड़ी है।

नशा तस्करों के खिलाफ सरकार की सख्त कार्रवाई
बलतेज पन्नू ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार नशा तस्करों और स्मगलरों के खिलाफ बहुआयामी कार्रवाई कर रही है। सरकार का लक्ष्य राज्य से नशे के इस अभिशाप को पूरी तरह खत्म करना है।
उन्होंने बताया कि “नशों के खिलाफ युद्ध” अभियान अब अपने अंतिम और सबसे गंभीर चरण में पहुंच चुका है। सरकार इस अभियान को और तेज करते हुए नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।
नशा तस्करों को दी सख्त चेतावनी
बलतेज पन्नू ने नशा तस्करी में शामिल लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि वे या तो पंजाब छोड़ दें या फिर कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी हालत में नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब से नशे की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो जाती, तब तक सरकार और प्रशासन चैन से नहीं बैठेंगे।
1.5 लाख वालंटियर भी अभियान में शामिल
बलतेज पन्नू ने बताया कि सरकार ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू की है। इसके तहत गिरफ्तारियां, तस्करों की संपत्तियों की कुर्की और NDPS Act के तहत सख्त सजा दिलाने की प्रक्रिया तेज की गई है।
इसके अलावा नशा मुक्ति मोर्चा के लगभग 1.5 लाख वालंटियर भी इस अभियान में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं और पंजाब को नशा मुक्त बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
