मनीष सिसोदिया ने नितिन कोहली को दिलाई AAP की सदस्यता
Punjab News: पंजाब की सियासत में एक नया मोड़ तब आया जब जालंधर (Jalandhar) के जाने-माने उद्योगपति और पंजाब हॉकी संघ के प्रधान नितिन कोहली (Nitin Kohli) ने आम आदमी पार्टी (AAP) का दामन थाम लिया। उन्हें पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने विधिवत रूप से पार्टी में शामिल करवाया। इसके साथ ही उन्हें जालंधर सेंट्रल विधानसभा हलके का इंचार्ज नियुक्त किया गया है। पढ़िए पूरी खबर…

आपको बता दें कि नितिन कोहली (Nitin Kohli) अब इस हलके में पार्टी का दफ्तर खोलेंगे और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनने और समाधान करने की दिशा में काम करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कोहली को यह जिम्मेदारी देकर स्पष्ट संकेत दिया गया है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर कोई ढिलाई नहीं बरतेगी।
करप्शन केस में विधायक की गिरफ़्तारी के बाद उठाया गया कदम
जालंधर सेंट्रल से मौजूदा विधायक रमन अरोड़ा को हाल ही में विजिलेंस ब्यूरो ने एक करप्शन केस में गिरफ्तार किया था। इसके बाद से कयास लगाए जा रहे थे कि पार्टी उनकी जगह नया चेहरा तैयार कर रही है। नितिन कोहली की नियुक्ति ने इन अटकलों को मजबूती दे दी है।
ये भी पढ़ेंः Punjab: सैनिक स्कूल कपूरथला की मांगें होंगी पूरी, पंजाब सरकार ने किया MoA साइन

जब मीडिया ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब सरकार के मंत्री अमन अरोड़ा (Minister Aman Arora) से पूछा कि क्या रमन अरोड़ा अब विधायक बने रहेंगे, तो उन्होंने कहा, ‘रमन अरोड़ा ने गलती की थी, सरकार ने उन पर पर्चा दर्ज करवाया और उन्हें जेल भेजा। अब उनकी हलके की जिम्मेदारी नितिन कोहली को दी गई है, इससे स्थिति पूरी तरह साफ हो जाती है।’
भ्रष्टाचार पर कोई समझौता नहीं: अमन अरोड़ा
मंत्री अमन अरोड़ा (Minister Aman Arora) ने साफ किया कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, ‘पार्टी अपने और विरोधियों में फर्क नहीं करती। अगर कोई पार्टी लाइन के खिलाफ जाएगा या भ्रष्टाचार में लिप्त मिलेगा, तो उस पर एक्शन लिया जाएगा।’
पार्टी प्रभारी मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने भी इस बात को दोहराते हुए कहा कि AAP नियमों से ऊपर किसी को नहीं मानती, और पार्टी का संदेश साफ है- जो भी गलती करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ेंः Punjab: लोगों को बेहतर सेवाएं देना ही सरकार का उद्देश्य: CM Bhagwant Mann
2027 चुनाव की तैयारी शुरू
AAP की इस रणनीतिक नियुक्ति को 2027 विधानसभा चुनावों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नितिन कोहली जैसे प्रभावशाली और जनसंपर्क में मजबूत व्यक्ति को आगे लाकर पार्टी ने यह दिखाया है कि वह अब संगठन को जमीनी स्तर पर और मज़बूत करने की दिशा में सक्रिय हो चुकी है।
