Uttarakhand News: देहरादून, 17 जुलाई। उत्तराखण्ड ने निवेश के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए नीति आयोग के निवेश अनुकूलता सूचकांक-2026 (Investment Friendliness Index 2026) में पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 47.5 अंकों के साथ 11वां स्थान हासिल कर राज्य ने ‘फ्रंट रनर’ श्रेणी में अपनी जगह बनाई है।
कई प्रमुख मानकों पर बेहतर प्रदर्शन
नीति आयोग द्वारा जारी सूचकांक में राज्यों का मूल्यांकन व्यावसायिक वातावरण, आधारभूत संरचना, संसाधनों की उपलब्धता और वित्तीय स्वास्थ्य जैसे प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया। उत्तराखण्ड ने पर्वतीय एवं पूर्वोत्तर राज्यों में समग्र निवेश अनुकूलता और वित्तीय स्वास्थ्य में पहला स्थान हासिल किया। वहीं व्यावसायिक वातावरण और संसाधनों की उपलब्धता में दूसरा तथा आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य सरकार की निवेशक हितैषी नीतियों, पारदर्शी प्रशासन, त्वरित निर्णय प्रक्रिया और बेहतर औद्योगिक माहौल का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार ‘विकल्प रहित संकल्प’ के साथ उत्तराखण्ड को देश का अग्रणी निवेश गंतव्य बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
निवेश और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार निवेशकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने, औद्योगिक आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस उपलब्धि से राज्य में नए निवेश आएंगे, औद्योगिक विकास को गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
औद्योगिक विकास को मिलेगी नई रफ्तार
सरकार का मानना है कि नीति आयोग की इस रैंकिंग से उत्तराखण्ड की निवेश गंतव्य के रूप में विश्वसनीयता और मजबूत होगी। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा तथा राज्य की समावेशी आर्थिक प्रगति को नई दिशा मिलेगी।
