राज्यभर में शुद्ध जल की आपूर्ति सुनिश्चित करने का संकल्प
Patna News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 1, अण्णे मार्ग स्थित ‘संकल्प’ से रिमोट के माध्यम से ‘हर घर नल का जल’ निश्चय योजना के तहत 7,166 करोड़ 6 लाख रुपये लागत की जलापूर्ति योजनाओं और भवन संरचनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 83 करोड़ रुपये की लागत से लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मुख्यालय भवन का भी शिलान्यास किया।
ये भी पढ़ेः Bihar News: सचिव उद्योग विभाग की अध्यक्षता में राज्य निवेश प्रोत्साहन परिषद की बैठक

कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सभी ग्रामीण परिवारों को नियमित और निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसके तहत राज्य सरकार, राष्ट्रीय पेयजल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप, हर ग्रामीण परिवार को प्रति व्यक्ति 70 लीटर पानी प्रतिदिन उपलब्ध करा रही है, जो राष्ट्रीय औसत से 16 लीटर अधिक है। ‘हर घर नल का जल’ निश्चय योजना के तहत बनाई गई सभी जलापूर्ति योजनाओं का संचालन और रख-रखाव लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस योजना की सफलता और प्रभावी क्रियान्वयन की पूरे देश में सराहना हो रही है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस अवसर पर कहा कि जिन योजनाओं का आज शिलान्यास किया गया है, उन्हें समय पर पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ‘हर घर नल का जल’ योजना का कार्य प्रभावी ढंग से जारी रहे और इसकी पूरी देख-रेख की जाए। उनका उद्देश्य है कि लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो, जिससे किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार ने एक हरित पौधा और प्रतीक चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके अलावा, कार्यक्रम में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की योजनाओं पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रस्तुत की गई।

ये भी पढ़ेः Patna News: अब तक 6584 युवाओं को मिला CM उद्यमी योजना से लाभ
इस कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री नीरज कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के विशेष सचिव संजीव कुमार सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों के जिलाधिकारी और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अधिकारी भी इस कार्यक्रम से जुड़े थे।
