Pakistan Blast: पाकिस्तान में क्रिकेट मैच के दौरान इस ग्राउंड में भीषण धमाका हुआ।
Pakistan Blast: पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के खार तहसील स्थित कौसर क्रिकेट ग्राउंड (Kausar Cricket Ground) में शनिवार शाम को एक क्रिकेट मैच (Cricket Match) के दौरान जोरदार धमाका हुआ। इस विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने कहा कि धमाका आईईडी (इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से किया गया और इसे एक टारगेट अटैक माना जा रहा है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो
धमाके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं और मैदान से घना धुआं उठता नजर आ रहा है। घटना के तुरंत बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जबकि सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है।
ये भी पढ़ेंः AI: AI छीन रहा है युवाओं की नौकरी, इन सेक्टर्स पर सबसे ज्यादा असर

खैबर पख्तूनख्वा में बढ़ती आतंकी घटनाएं
अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में इस घटना को आतंकी हमला बताया है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकी घटनाओं में इजाफा हुआ है। बीते हफ्ते ही लोवी मामुंड तहसील के लाघरी इलाके में एक पुलिस थाने पर आतंकियों ने क्वाडकॉप्टर से हमला किया था, जिसमें दो लोग घायल हुए थे। इसके अलावा, 14 अगस्त को पाकिस्तान के स्वतंत्रता दिवस के दिन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने कई जिलों में पुलिस स्टेशनों और चौकियों पर समन्वित हमले किए थे, जिसमें छह पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी।
पाकिस्तानी मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि यह हमला हाल ही में शुरू किए गए आतंकवाद-रोधी अभियान ‘ऑपरेशन सरबकाफ़’ के जवाब में किया गया हो सकता है। लेकिन, अब तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
ये भी पढ़ेंः AI Jobs: AI से मिलेगी नौकरी, लिंक्डइन को टक्कर देने वाला आ रहा है
पुलिस की पुष्टि
डॉन अखबार के अनुसार, जिला पुलिस अधिकारी वकास रफीक ने पुष्टि की कि धमाका खार तहसील के कौसर क्रिकेट मैदान में हुआ और यह आईईडी से अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा कि यह हमला किसी खास निशाने पर किया गया लगता है।
