Bihar news: पटना, 18 जुलाई। बिहार में पर्यटन और नागरिक उड्डयन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल के तहत ‘पटना जॉय राइड’ सेवा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर बिहार फ्लाइंग इंस्टीट्यूट के नवनिर्मित हैंगर का उद्घाटन किया गया और कमर्शियल पायलट लाइसेंस (CPL) प्राप्त अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म को मिलेगी नई गति
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026 के तहत राज्य के ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को हवाई माध्यम से देखने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है।
‘पटना जॉय राइड’ के तहत पर्यटकों को दिए गए टिकट
योजना के शुभारंभ के दौरान ‘पटना जॉय राइड’ के लिए पर्यटकों को टिकट वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य राज्य में हवाई पर्यटन को बढ़ावा देना और पर्यटकों को एक नया अनुभव उपलब्ध कराना है।
सीपीएल प्राप्त अभ्यर्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में कमर्शियल पायलट लाइसेंस (Commercial Pilot Licence-CPL) प्राप्त चार अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान युवाओं को नागरिक उड्डयन जैसे आधुनिक और संभावनाओं से भरपूर क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित किया गया।
पर्यटन और नागरिक उड्डयन ढांचे को मजबूत करने पर जोर
कार्यक्रम में कहा गया कि राज्य सरकार पर्यटन और नागरिक उड्डयन क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। हेली-टूरिज्म और एयर टूरिज्म जैसी पहलें बिहार को नए पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने और देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करने में सहायक होंगी।
