फर्जी इंस्टाग्राम पेज बनाकर लोगों को फंसाया
Online Fraud: सोशल मीडिया पर कम क़ीमत के ज़रिए आईफ़ोन (IPhone) ख़रीदने वाले हैं, तो ये खबर आपके लिए है। दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने सस्ते दामों में आईफ़ोन बेचने का झांसा देकर लोगों को ठगने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी, जिसका नाम अमन है, हरियाणा के हिसार का निवासी है। उसने सोशल मीडिया (Social Media) के जरिए फेक आईफ़ोन बेचने का ऑफर देकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस के अनुसार, अमन ने फर्जी चैट, झूठे पेमेंट लिंक और नकली अकाउंट्स के माध्यम से अब तक 8 से 9 लाख रुपये की ठगी की है। उसके साथियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। पढ़िए पूरी खबर…

ये भी पढ़ेंः क्या ज्योतिष गरीब को अमीर बना सकता है?
फर्जी इंस्टाग्राम पेज बनाकर लोगों को फंसाया
पुलिस ने कहा कि अमन ने इंस्टाग्राम पर ‘delhi_apple_store0’ नाम से एक फर्जी पेज बनाया था। इस पेज के जरिए वह कम कीमत पर आईफ़ोन बेचने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाता था। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि अमन सोशल मीडिया पर नकली अकाउंट्स बनाकर लोगों को सस्ते दामों की डील दिखाता था। लोग आकर्षक ऑफर देखकर तुरंत संपर्क करते, जिसके बाद वह उन्हें ठगी का शिकार बनाता था।
शिकायत करने वाले से 65,782 रुपये की ठगी
एक शिकायतकर्ता ने कहा कि अमन ने टैक्स और शिपिंग के नाम पर झूठे वादे किए और 29 UPI ट्रांजैक्शनों के जरिए 65,782 रुपये हड़प लिए। पैसे मिलने के बाद आरोपी ने संपर्क तोड़ दिया और जवाब देना बंद कर दिया। पीड़ित ने दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। मोबाइल नंबर और डिजिटल ट्रांजैक्शनों की मदद से पुलिस ने अमन का पता लगाया और शनिवार देर रात हिसार में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
आरोपी के पास से सबूत बरामद, जुर्म कबूला
पुलिस ने अमन के पास से दो मोबाइल फोन, तीन डेबिट कार्ड और कई डिजिटल सबूत बरामद किए हैं। पूछताछ में अमन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने कहा कि वह और उसके साथी फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को नकली चैट, एडिटेड फोटो और फर्जी UPI लिंक भेजते थे। अमन ने 12वीं तक पढ़ाई की है और उसने स्थानीय साइबर अपराधियों से ठगी की तकनीक सीखी थी। ठगी के पैसे को कई बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिया जाता था जिससे पुलिस ट्रैक न कर सके।
साथियों की तलाश में पुलिस
पुलिस के मुताबिक, अमन के साथी शाकिर, आमिर खान, गोडू, जगदीश और गुलशन फरार हैं। उनकी लोकेशन ट्रेस करने के लिए पुलिस जांच कर रही है। पुलिस को शक है कि ठगी का दायरा 8-9 लाख रुपये से भी बड़ा हो सकता है। जांच में और भी खुलासे होने की संभावना है।
ये भी पढ़ेंः Google Map: गूगल मैप नहीं अब देसी नाविक बताएगा सही रास्ता, डेटा भी सुरक्षित रहेगा
साइबर क्राइम से बचने की पुलिस की सलाह
दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने लोगों को साइबर क्राइम से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की बात कही है। पुलिस ने सलाह दी है कि फ्रॉड कॉल, अनचाहे लिंक्स और व्हाट्सएप ग्रुप्स में आने वाले संदिग्ध मैसेज से सावधान रहें। इंस्टाग्राम, टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म्स पर सस्ते ऑफर्स के झांसे में न आएं और किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले सतर्कता बरतें।
