Noida: गाज़ियाबाद में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं।
Noida News: गाज़ियाबाद में आज रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (President Draupadi Murmu) के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। राष्ट्रपति इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी (Yashoda Medicity) का उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Minister Rajnath Singh) और सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) समेत कई वीवीआईपी अतिथि शामिल रहेंगे। प्रशासन ने नोएडा से गाज़ियाबाद तक के मार्ग पर ट्रैफिक डायवर्जन जारी किया है और नागरिकों से अपील की है कि वे आज रूट देखकर ही घर से निकलें।

ये भी पढ़ेंः क्या ज्योतिष गरीब को अमीर बना सकता है?
इंदिरापुरम में यशोदा मेडिसिटी का उद्घाटन आज
आपको बता दें कि आज रविवार सुबह करीब 11 बजे इंदिरापुरम में 1200 बेड वाले यशोदा मेडिसिटी अस्पताल (Yashoda Medicity Hospital) का उद्घाटन समारोह शुरू होगा। मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस अस्पताल का उद्घाटन करेंगी। कार्यक्रम से पहले एसपीजी और कमांडो टीमों ने स्थल का गहन निरीक्षण किया। शनिवार शाम से ही सुरक्षा बलों ने इंदिरापुरम में मोर्चा संभाल लिया है।
दो हजार से अधिक जवान तैनात
कार्यक्रम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। स्थल और रूट पर करीब 2000 से अधिक पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कई बार स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा और प्रबंधन के सभी इंतज़ामों की समीक्षा की।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
राष्ट्रपति के साथ कई वीवीआईपी रहेंगे मौजूद
उद्घाटन समारोह में राष्ट्रपति के अलावा रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और प्रभारी मंत्री असीम अरुण मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही संभावना है कि राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी कार्यक्रम में शामिल हों, हालांकि इनका आधिकारिक कार्यक्रम प्रशासन को नहीं मिला है।

नोएडा से गाजियाबाद तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू
- भोपुरा और तुलसी निकेतन से हिंडन एयरफोर्स गोलचक्कर तक भारी व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। ये वाहन करनगेट गोलचक्कर से बीकानेर गोलचक्कर होते हुए मोहननगर की ओर जा सकेंगे।
- सीआईएसएफ कट से वसुंधरा की ओर व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इन्हें एनएच-9 से यूपी गेट की ओर भेजा जाएगा।
- वसुंधरा से सीआईएसएफ कट की ओर जाने वाले वाहनों को लिंक रोड से डाबर तिराहा होते हुए यूपी गेट की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- वीवीआईपी के आने और जाने के दौरान सीआईएसएफ कट से वसुंधरा के बीच हल्के निजी वाहनों को भी अस्थायी रूप से डायवर्ट किया जाएगा।
घर से निकलने से पहले देखें रूट
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आज रविवार को घर से निकलने से पहले रूट की जानकारी अवश्य लें। भीड़भाड़ और सुरक्षा कारणों से कई मार्गों पर अस्थायी रोक और डायवर्जन रहेगा।
