Nepal: नेपाल में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।
Nepal: नेपाल में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। राजधानी काठमांडू (Kathmandu) समेत कई शहरों में भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया ऐप्स (Social Media Apps) पर बैन को लेकर हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। इन प्रदर्शनों के बीच एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने वित्त मंत्री विष्णु प्रसाद पोडैल (Minister Vishnu Prasad Poudel) को सड़क पर दौड़ाकर पीटा। देखिए पूरा वीडियो…
आपको बता दें कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि भीड़ ने पोडैल को घेर लिया, और एक प्रदर्शनकारी ने उन्हें लात मारकर गिरा दिया, जिसके बाद भीड़ ने उन पर हमला किया।
प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का इस्तीफा
नेपाल में बढ़ते हिंसक प्रदर्शनों के बीच प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अपने इस्तीफे में ओली ने कहा कि वे देश में ‘राजनीतिक समाधान और समस्याओं के निपटारे’ के लिए यह कदम उठा रहे हैं। उनके इस्तीफे के बावजूद प्रदर्शनकारी सड़कों पर डटे हुए हैं, और हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही।

नेताओं के घरों पर हमले, संसद में तोड़फोड़
प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल, पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’, संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक सहित कई शीर्ष नेताओं के निजी आवासों पर हमले किए। काठमांडू के बालकोट में ओली के निजी आवास को आग के हवाले कर दिया गया। इसके अलावा, नायकाप में पूर्व गृह मंत्री लेखक के घर और ललितपुर के सुनाकोठी में संचार मंत्री गुरुंग के आवास पर पथराव की घटनाएं सामने आईं। प्रदर्शनकारियों ने संसद भवन में भी तोड़फोड़ की और कई सरकारी इमारतों को निशाना बनाया।
सोशल मीडिया प्रतिबंध और हिंसा की शुरुआत
नेपाल में हिंसा की शुरुआत 26 सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, जैसे फेसबुक, यूट्यूब और एक्स, पर प्रतिबंध लगाने के सरकार के फैसले से हुई। सरकार ने इन प्लेटफॉर्म्स को स्थानीय पंजीकरण और नियमन के नियमों का पालन न करने के कारण ब्लॉक कर दिया था। इस प्रतिबंध को भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही ऑनलाइन मुहिम को दबाने की कोशिश के रूप में देखा गया, जिससे युवाओं में आक्रोश भड़क उठा। लेकिन, सरकार ने सोमवार देर रात इस प्रतिबंध को वापस ले लिया, लेकिन प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत नहीं हुआ।
ये भी पढ़ेंः Bill Gates: AI पर गेट्स की बड़ी भविष्यवाणी, कहा इन 3 सेक्टर में कभी नहीं जाएगी नौकरी
भारत सरकार की यात्रा सलाह
नेपाल में बिगड़ते हालातों को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को सलाह दी है कि वे स्थिति स्थिर होने तक नेपाल की यात्रा न करें। वहां मौजूद भारतीय नागरिकों से अपने निवास स्थान पर रहने, सड़कों पर न निकलने और स्थानीय अधिकारियों की सलाह मानने को कहा गया है। आपात स्थिति में सहायता के लिए काठमांडू में भारतीय दूतावास के हेल्पलाइन नंबर +977-9808602881 और +977-9810326134 उपलब्ध हैं।
काठमांडू हवाई अड्डा बंद, इंडिगो की उड़ानें स्थगित
हिंसा के कारण काठमांडू के त्रिभुवन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बंद कर दिया गया है। इंडिगो ने काठमांडू से आने-जाने वाली सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया है। एयरलाइन ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय कर हालात पर नजर रख रही है और जल्द से जल्द परिचालन शुरू करने की कोशिश कर रही है। प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानें चुनने या रिफंड का दावा करने की सुविधा दी गई है।

ये भी पढ़ेंः Nepal Protest: नेपाल में भड़की हिंसा, प्रधानमंत्री ओली का घर आग के हवाले, देखिए वीडियो
युवा आक्रोश और ‘जेन-जेड’ प्रदर्शन
नेपाल में ये प्रदर्शन मुख्य रूप से ‘जेन-जेड’ के रूप में पहचाने जाने वाले युवाओं द्वारा किए जा रहे हैं, जो भ्रष्टाचार, आर्थिक असमानता और बेरोजगारी जैसे मुद्दों से त्रस्त हैं। प्रदर्शनकारी न केवल सोशल मीडिया प्रतिबंध के खिलाफ, बल्कि सरकार की कथित भ्रष्टाचार और नेताओं के बच्चों की शानदार जीवनशैली के खिलाफ भी आवाज उठा रहे हैं। इस प्रदर्शनों में कम से कम 20 लोगों की मौत हो चुकी है, और सैकड़ों घायल हुए हैं।
