1100 रुपए में माता वैष्णो देवी-गोल्डन टेंपल के दर्शन..मैसेज पढ़ा क्या ?

दिल्ली NCR

क्या आप माता वैष्णो देवी और गोल्डन टेंपल यानी स्वर्ण मंदिर के दर्शन करना चाहते हैं वो भी महज़ 1100 रुपए में। अगर आपके पास भी इस तरह का मैसेज आया है तो सावधान। क्योंकि लुभावने ऑफर देकर जालसाज इन दिनों सबसे ठगी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में जालसाज ने एक महिला के फेसबुक पर मेसेज कर कहा कि वह 1100 रुपये में वैष्णो देवी व दरबार साहिब (गोल्डन टेंपल) के दर्शन करवाएगा। महिला खुद तो आरोपी के झांसे में आईं हीं, साथ ही उन्होंने अपनी सहेलियों को भी इस बारे में बता दिया। उनके साथ 24 अन्य महिलाओं ने 1-1 हजार रुपये आरोपी को भेज दिए। लेकिन बाद में सब गोलमाल निकला। वह कहीं भी दर्शन के लिए नहीं जा पाए।

खबर के मुताबिक महिलाओं को कुछ दिन पहले उनके फेसबुक मेसेंजर पर एक मेसेज आया। इसमें एक विज्ञापन के साथ फोन नंबर भी था।

दावा किया गया था कि महज 1100 रुपये में वैष्णो देवी और दरबार साहिब के दर्शन करवाते हैं। उन्होंने कॉल किया और एक शख्स से 24 अन्य महिलाओं के साथ यात्रा पर चलने की बात कही। सभी आसपास की परिचित महिलाएं पर जाने के लिए तैयार हो गईं। आरोपी ने यात्रा के रजिस्ट्रेशन के नाम पर हरेक महिला से एक-एक हजार रुपये ऑनलाइन अपने खाते में मंगवा लिए। यात्रा की तारीख के बारे में पूछने पर वह बहाने बनाने लगा। कुछ समय बाद फोन ही बंद कर लिया। महिलाओं ने साइबर पुलिस के पॉर्टल पर शिकायत दी, साथ ही सारी डिटेल्स अपलोड की। जिस पर गुरुवार को शाहदरा साइबर पुलिस स्टेशन में धोखाधड़ी का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।