IPL 2025: कोलकाता-राजस्थान की टक्कर में आखिरी ओवर तक थम गईं सांसें, जानिए कौन हारा-कौन जीता
IPL 2025: आईपीएल 2025 के 53वें मुकाबला सांसें थाम देने वाला हुआ। डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) और राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के बीच हुए इस मुकाबले में दर्शकों को भरपूर मजा मिला। इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने राजस्थान रॉयल्स (RR) को 1 रन से हरा दिया है। कोलकाता के होम ग्राउंड ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मुकाबले में KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, जिसके बाद टीम ने आंद्रे रसेल (57 रन) की अर्धशतकीय पारी की सहायता से 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 206 रन बनाए। इसके बाद 206 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान (RR) 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 205 रन ही बना सकी और मैच कोलकाता ने 1 रन से अपने नाम कर लिया।

ये भी पढे़ंः IPL 2025: चेन्नई और RCB के बीच आखिरी ओवर तक सांसें थाम देने वाला मुकाबला, जानिए किसने मारी बाजी
आपको बता दें कि कोलकाता (KKR) और राजस्थान के बीच यह मुकाबला बेहद करीबी रहा। आखरी गेंद पर राजस्थान को जीत के लिए एक गेंद पर 3 रन चाहिए थे, लेकिन राजस्थान सिर्फ 1 ही रन बना सकी। इस जीत के साथ 2 महत्वपूर्ण हासिल करते हुए कोलकाता अब 11 मैचों में 5 जीत और 5 हार (पंजाब किंग्स के खिलाफ KKR का 1 मैच टाई हुआ था) के बाद 13 पॉइंट्स के साथ पॉइंट्स टेबल में 6 वें नंबर पर पहुंच गई है। अब अगर उसे प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करना है तो अगले सभी मैच जीतने होंगे।
इस मैच में आखिरी ओवर तक किसी भी टीम की जीत पक्की नहीं लग रही थी, लेकिन अंत में बाजी केकेआर के हाथ लगी। केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन बनाए, जिसके जवाब में राजस्थान की टीम 205 रन ही बना सकी। राजस्थान के लिए रियान पराग ने बेहतरीन पारी खेली, लेकिन वह टीम को जीत नहीं दिला पाए।
आखिरी ओवर में जीत के लिए चाहिए थे 22 रन
राजस्थान रॉयल्स (RR) को आखिरी ओवर में मैच जीतने के लिए 22 रनों की आवश्यकता थी, तब केकेआर के लिए गेंदबाजी के लिए गेंद वैभव अरोड़ा के हाथों में दी। राजस्थान के लिए क्रीज पर जोफ्रा ऑर्चर और शुभम दुबे मौजूद थे। इस ओवर की पहली गेंद पर आर्चर ने 2 रन लिए। इसके बाद दूसरी गेंद पर भी 1 ही रन मिला। इसके बाद तीसरी गेंद पर स्ट्राइक लेने के लिए शुभम दुबे आ गए और उन्होंने इस गेंद पर छक्का लगाया। इससे मैच में रोमांच आ गया। अब राजस्थान को जीतने के लिए आखिरी तीन गेंदों में 13 रनों की आवश्यकता थी, तब उन्होंने चौथी गेंद पर चौका लगाया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर दुबे ने छक्का लगाया।
ये भी पढे़ंः IPL 2025: गुजरात के आगे हैदराबाद हुई पस्त, इस गेंदबाज ने हासिल किए सबसे ज्यादा विकेट
आखिरी गेंद पर केकेआर को मिली जीत
ऐसे में आखिरी गेंद पर राजस्थान को जीतने के लिए 3 रन चाहिए थे, तब शुभम दुबे स्ट्राइक पर थे और सभी को उम्मीद थी कि राजस्थान आराम से मैच जीत जाएगी। पर सामने वैभव अरोड़ा (Vaibhav Arora) थे। ऐसे में सांसें रोक देने वाला मुकाबला किसी भी टीम की तरफ जा सकता था। आखिरी गेंद पर शुभम ने लॉग आन की ओर स्ट्रोक खेला और तेजी के साथ रन लेने के लिए दौड़े। एक रन उन्होंने जल्दी से पूरा कर लिया, लेकिन जब दूसरा रन वह और जोफ्रा ऑर्चर भाग रहे, तब ऑर्चर रन आउट हो गए। इससे केकेआर के प्लेयर्स खुशी मनाने लगे और KKR ने एक रन से मुकाबले अपने नाम कर लिया।
कैसी रही राजस्थान की पारी
राजस्थान रॉयल्स की टीम जब बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी, तो उसे वैभव सूर्यवंशी के रूप में पहला झटका बहुत ही जल्दी लगा, जब मात्र 4 बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद कुणाल सिंह राठौर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। यशस्वी जायसवाल ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन उसे बड़ी पारी में नहीं बदल पाए। उन्होंने 34 रनों का योगदान दिया। शिमरोन हेटमायर ने भी 29 रन की पारी खेली।
रियान पराग ने खेली जुझारू पारी
राजस्थान के लिए रियान पराग ने 45 गेंदों में 95 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 8 छक्के लगाए। वह अपने शतक से पांच रन से चूक गए, जब तक वह क्रीज पर मौजूद थे। राजस्थान की टीम मैच में बनी हुई थी। उन्हें बाकी के बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। ध्रुव जुरेल और वानिंदु हसरंगा अपना खाता तक नहीं खोल पाए। शुभम ने 14 गेंदों में 25 रन बनाए। राजस्थान ने सिर्फ 205 रन बनाए। कोलकाता के लिए गेंदबाज हर्षित राणा, मोईन अली और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट झटके, जबकि वैभव को एक विकेट मिला।
आंद्रे रसेल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की मैच में शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही, सुनील नरेन सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद रहमानुल्लाह गुरबाज और अजिंक्य रहाणे ने कुछ देर क्रीज पर टिकने की कोशिश की। लेकिन ये प्लेयर्स बड़ा स्कोर नहीं बना सके। रहाणे ने 30 रन और गुरबाज ने 35 रन बनाए। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी और आंद्रे रसेल (Andre Russell) ने शानदार बल्लेबाजी की। रसेल ने अर्धशतक लगाया और 25 गेंदों में 57 रन बनाए, जिसमें चार चौके और 6 छक्के शामिल रहे। रघुवंशी ने 44 रनों का योगदान दिया। इन प्लेयर्स की वजह से ही टीम 206 रनों का स्कोर खड़ा कर पाई।
