Ghaziabad: अगर आप गाजियाबाद में घर, दुकान या जमीन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद खास है। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) शहर के प्रमुख इलाकों में आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत भूखंडों की मेगा नीलामी करने जा रहा है। इस नीलामी के जरिए निवेशकों और खरीदारों को प्राधिकरण की संपत्तियां पारदर्शी प्रक्रिया के तहत खरीदने का मौका मिलेगा।
GDA ने अपनी विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत खाली पड़े भूखंडों की बिक्री प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से पंजीकरण किया जा सकता है। प्राधिकरण के अनुसार आवेदन प्रक्रिया 2 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक लोग 16 मई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। तय तारीख के बाद किसी भी आवेदन को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
20 मई को होगी खुली नीलामी
GDA की ओर से संपत्तियों की खुली नीलामी 20 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह नीलामी गाजियाबाद के लोहिया नगर स्थित हिंदी भवन में होगी। नीलामी के दौरान आवासीय प्लॉट के साथ-साथ व्यावसायिक और संस्थागत भूखंडों की भी बोली लगाई जाएगी।
निवेशकों के लिए क्यों खास है यह मौका?
गाजियाबाद तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल है और बेहतर सड़क नेटवर्क, मेट्रो कनेक्टिविटी तथा इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण यहां प्रॉपर्टी की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में GDA की यह नीलामी निवेशकों के लिए शानदार अवसर मानी जा रही है।
प्राधिकरण की संपत्ति होने के कारण खरीदारों को कागजी प्रक्रिया और स्वामित्व को लेकर किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही अलग-अलग जरूरतों के हिसाब से कई प्रकार के भूखंड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कहां से मिलेगी जानकारी?
इच्छुक आवेदक GDA की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर नीलामी से जुड़ी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदन प्रक्रिया, नियम एवं शर्तों और भूखंडों की लोकेशन से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0120-4418384 पर संपर्क किया जा सकता है।
