Delhi News: यमुना सफाई अभियान में उतरीं CM रेखा गुप्ता, जनता से मांगा साथ

दिल्ली
Spread the love

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को चिल्ला गांव घाट पर आयोजित ‘क्लीन दिल्ली विद सीएम’ अभियान के तहत यमुना सफाई अभियान में स्वयं श्रमदान किया। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा, स्वयंसेवी संगठन, सामाजिक संस्थाएं और स्थानीय नागरिक भी अभियान में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यमुना केवल एक नदी नहीं, बल्कि दिल्ली की संस्कृति, विरासत और जीवनरेखा है, इसलिए इसे स्वच्छ रखना सरकार के साथ-साथ हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

यमुना पुनर्जीवन के लिए वैज्ञानिक रणनीति पर काम

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली सरकार यमुना के पुनर्जीवन के लिए वैज्ञानिक और दीर्घकालिक योजना पर कार्य कर रही है। इसके तहत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का आधुनिकीकरण, नए विकेंद्रीकृत एसटीपी की स्थापना, सीवर नेटवर्क का विस्तार और यमुना में गिरने वाले सभी नालों को चरणबद्ध तरीके से ट्रीट करने की दिशा में काम चल रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में कोई भी बिना उपचारित नाला सीधे यमुना में नहीं गिरेगा।

पूजा सामग्री के लिए बनेंगे विशेष संग्रह केंद्र

रेखा गुप्ता ने कहा कि धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में पूजा सामग्री और खंडित मूर्तियों के संग्रह के लिए विशेष पोर्टा केबिन स्थापित किए जा रहे हैं। इन सामग्रियों का वैज्ञानिक तरीके से पुनर्चक्रण (रिसाइक्लिंग) और निस्तारण किया जाएगा, जिससे नदी में कचरा जाने से रोका जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक, निर्माण मलबा और पूजा सामग्री यमुना में न डालें।

हर रविवार चलेगा स्वच्छता अभियान

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि जनभागीदारी को और मजबूत बनाने के लिए दिल्ली सरकार प्रत्येक रविवार को स्वच्छता अभियान, यमुना सफाई अभियान और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार और जनता के संयुक्त प्रयासों से ही स्वच्छ, निर्मल और अविरल यमुना का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।