MP News: 950 मेगावाट सोलर पार्क की सौगात, MP में ग्रीन एनर्जी को नई रफ्तार

मध्यप्रदेश
Spread the love

MP News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राज्य की स्वच्छ ऊर्जा क्षमता को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए नीमच और शाजापुर में कुल 950 मेगावाट क्षमता वाले दो सोलर पार्कों का उद्घाटन करेंगे। इनमें 500 मेगावाट का नीमच सोलर पार्क और 450 मेगावाट का शाजापुर सोलर पार्क शामिल है। कार्यक्रम में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी भी शामिल होंगे।

1,553 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास

सौर ऊर्जा परियोजनाओं के साथ मुख्यमंत्री विभिन्न औद्योगिक इकाइयों और विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 1,553.98 करोड़ रुपये है, जिनसे औद्योगिक विकास और निवेश को नई गति मिलने की उम्मीद है।

440 मेगावाट सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना के लिए होगा पीपीए

कार्यक्रम के दौरान राज्य की पहली 440 मेगावाट सोलर प्लस स्टोरेज परियोजना के लिए पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) पर हस्ताक्षर भी होंगे। यह परियोजना 2.70 रुपये प्रति यूनिट की प्रतिस्पर्धी दर पर विकसित की जा रही है, जिसे देश की सबसे कम दर वाली सोलर-स्टोरेज परियोजनाओं में गिना जा रहा है।

कम टैरिफ से उपभोक्ताओं को होगा लाभ

अधिकारियों के अनुसार, नीमच सोलर पार्क से बिजली 2.14–2.15 रुपये प्रति यूनिट तथा शाजापुर सोलर पार्क से 2.33–2.35 रुपये प्रति यूनिट की दर पर उपलब्ध होगी। ये दरें देश की सबसे प्रतिस्पर्धी सौर ऊर्जा दरों में शामिल हैं, जिससे उपभोक्ताओं और बिजली वितरण व्यवस्था दोनों को लाभ मिलेगा।

रोजगार, निवेश और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा

राज्य सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होगा, निजी निवेश आकर्षित होगा और मध्य प्रदेश की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। सौर ऊर्जा के साथ बैटरी स्टोरेज जुड़ने से ग्रिड की स्थिरता भी बेहतर होगी और राज्य की ग्रीन एनर्जी रणनीति को मजबूती मिलेगी।