Jharkhand News: तमिलनाडु गैस रिसाव के बाद एक्शन में हेमंत सोरेन, श्रमिकों की सुरक्षित वापसी शुरू

झारखंड
Spread the love

Jharkhand News: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले में एक औद्योगिक इकाई में अमोनिया गैस रिसाव की घटना में झारखंड की एक महिला प्रवासी श्रमिक की मौत हो गई, जबकि अन्य श्रमिक प्रभावित हुए। घटना के बाद वहां काम कर रहे प्रवासी मजदूरों ने सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिए तत्काल कार्रवाई के निर्देश

मजदूरों की अपील के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राज्य सरकार ने तमिलनाडु प्रशासन से समन्वय स्थापित कर सभी श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, घायलों के इलाज की व्यवस्था करने और मृतक श्रमिक के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव पहुंचाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

34 श्रमिकों की सुरक्षित वापसी की व्यवस्था

राज्य प्रवासी नियंत्रण प्रकोष्ठ ने प्रभावित श्रमिकों से संपर्क कर उनकी सुरक्षित वापसी की योजना बनाई है। अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद शेष 34 प्रवासी श्रमिकों को रेल मार्ग से उनके गृह जिलों तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

श्रमिकों ने लगाए ठेकेदार पर गंभीर आरोप

प्रभावित मजदूरों का आरोप है कि हादसे के बाद ठेकेदार ने उन्हें बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी और एक कमरे में रोककर रखा। श्रमिकों ने राज्य सरकार से जल्द से जल्द सुरक्षित झारखंड वापस लाने की मांग की है।

सरकार ने हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

झारखंड सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसी भी श्रमिक को असहाय नहीं छोड़ा जाएगा। प्रभावित मजदूरों के इलाज, सुरक्षित वापसी और मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सरकार पूरे मामले की लगातार निगरानी कर रही है।