AI Actress: फिल्म इंडस्ट्री में नया मोड़ आ चुका है, जहां इंसानी एक्टर्स के बीच अब एक एआई अवतार अपनी जगह बनाने को तैयार है।
AI Actress: फिल्म इंडस्ट्री में जहां लाखों लोग एक्टिंग करियर (Acting Career) में अपनी पहचान बनाना चाहते हैं, वहीं अब एक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एक्ट्रेस के आने की चर्चा ने सबको चौंका दिया है। यह कोई कल्पना नहीं, बल्कि हकीकत है। एआई अब केवल बिजनेस, एजुकेशन और मीडिया तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि हॉलीवुड तक में इसकी धमक पहुंच गई है। इस बदलाव का असर इतना गहरा है कि हॉलीवुड के कलाकार AI एक्ट्रेस ‘टिली नॉरवुड’ (Tilly Norwood) के विरोध में सड़कों पर उतर आए हैं। पढ़िए पूरी खबर…
ये भी पढ़ेंः क्या हाथ पर नंबर लिखने से आप अमीर बन सकते हैं?
कौन है टिली नॉरवुड?
टिली नॉरवुड (Tilly Norwood) एक AI अवतार है जिसे लंदन स्थित Particle-6 Studio की नई कंपनी Xicoia (जिकोइया) ने तैयार किया है। Particle-6 खुद को दुनिया का पहला AI टैलेंट स्टूडियो बताता है। कंपनी का दावा है कि टिली को हॉलीवुड की पहली AI एक्ट्रेस के रूप में लॉन्च किया जाएगा।

हाल ही में ज्यूरिख फिल्म फेस्टिवल में आयोजित समिट के दौरान डच प्रोड्यूसर, कॉमेडियन और Particle-6 की फाउंडर एलीन वान डेर वेल्डेन ने इसका ऐलान किया। उन्होंने कहा कि एक टैलेंट एजेंसी ने टिली को आधिकारिक तौर पर क्लाइंट बना लिया है और जल्द ही वह एक फिल्म साइन करेगी।
इंस्टाग्राम पर सक्रिय है टिली
टिली नॉरवुड (Tilly Norwood) का अपना इंस्टाग्राम अकाउंट भी है, जहां वह काफी एक्टिव है। अकाउंट पर उसने कॉफी पीते, शॉपिंग करते और अपने प्रोजेक्ट की तैयारी करते हुए तस्वीरें शेयर की हैं। अब तक उसके 33 हज़ार से अधिक फॉलोअर्स हो चुके हैं। एक पोस्ट में टिली ने अपने कुछ स्क्रीन टेस्ट शूट करने की जानकारी भी दी है।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
एक्टर्स ने जताया विरोध
टिली के लॉन्च से पहले ही हॉलीवुड में विरोध की लहर फैल गई है। ‘इन द हाइट्स’ और ‘स्क्रीम’ फेम एक्ट्रेस मेलिसा बैरेरा ने इस कदम को गलत बताया और उम्मीद जताई कि बाकी कलाकार उस टैलेंट एजेंसी का बहिष्कार करेंगे। वहीं ‘रशियन डॉल’ फेम नताशा लियोन ने इसे ‘गुमराह और परेशान करने वाला कदम’ कहा।
स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड का कड़ा बयान
स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड (SAG-AFTRA) ने भी टिली नॉरवुड की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि रचनात्मकता इंसान-केंद्रित होती है और उसे वैसा ही रहना चाहिए। उन्होंने टिली को ‘सिर्फ एक AI अवतार’ बताया, जो किसी पेशेवर कलाकार की अनुमति के बिना तैयार किया गया है। गिल्ड ने यह भी कहा कि न तो टिली के पास जीवन का कोई अनुभव है और न ही दर्शकों को इसकी फिल्में देखने में रुचि होगी।

AI का फिल्मों में इस्तेमाल कोई नई बात नहीं
AI का इस्तेमाल हॉलीवुड में पहले भी हो चुका है। 2023 में वीडियो गेम एक्टर्स ने भी इसके विरोध में हड़ताल की थी। इसके बाद एक कॉन्ट्रैक्ट बनाया गया, जिसके तहत किसी भी एक्टर की डिजिटल रेप्लिका बनाने के लिए SAG-AFTRA से अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया गया।
साल 2024 की ऑस्कर विजेता फिल्म ‘The Brutalist’ में AI की मदद से हंगेरियन भाषा के संवाद डब किए गए थे, जिन्हें एड्रियन ब्रॉडी और फेलिसिटी जोन्स ने निभाया था।
टिली के निर्माताओं का जवाब
AI एक्ट्रेस को मिल रही आलोचनाओं पर एलीन वान डेर वेल्डेन ने इंस्टाग्राम पर सफाई देते हुए कहा कि टिली किसी इंसान का विकल्प नहीं है, बल्कि सिर्फ एक रचनात्मक प्रयोग है। उन्होंने AI को एक अलग विधा (Genre) बताया और कहा कि यह किसी की नौकरी छीनने के लिए नहीं, बल्कि कला को एक नया आयाम देने के लिए है। उनका यह बयान टिली के इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया गया है।
ये भी पढ़ेंः Google: गूगल ने की अब तक की सबसे बड़ी छँटनी, कंपनी में हड़कंप
क्या यह भविष्य की झलक है?
टिली नॉरवुड (Tilly Norwood) की एंट्री से फिल्म इंडस्ट्री में नई बहस शुरू हो गई है क्या AI कलाकारों का भविष्य है या खतरा? आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि दर्शक इस डिजिटल एक्ट्रेस को किस रूप में स्वीकार करते हैं और हॉलीवुड इस नई चुनौती से कैसे निपटता है।
