Chhattisgarh News: सड़क निर्माण में लापरवाही पर छत्तीसगढ़ सरकार सख्त, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट

छत्तीसगढ़
Spread the love

Chhattisgarh News: रायपुर, 9 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी सड़क धंसने की शिकायत के बाद राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने बोड़ला विकासखंड के दलदली मेन रोड से खारिया और अगरी तक बनी सड़क का मौके पर निरीक्षण किया। जांच के दौरान सड़क की गुणवत्ता परखने के लिए वैज्ञानिक तरीके से कोर कटिंग कराई गई और तकनीकी परीक्षण किए गए।

जांच में सामने आई सड़क खराब होने की वजह

जांच में पता चला कि सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार किया गया था, लेकिन सड़क पर उसकी क्षमता से कई गुना अधिक वजन वाले वाहनों के चलने से नुकसान हुआ। जिस सड़क पर केवल 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों की अनुमति थी, वहां 60 से 70 टन तक रेत से भरे भारी वाहन चल रहे थे। इसके साथ ही सड़क के शोल्डर (किनारों) के निर्माण में तकनीकी खामी भी सामने आई, जिससे बारिश का पानी सड़क की अंदरूनी सतह तक पहुंच गया और सड़क कमजोर होकर धंस गई।

इंजीनियर निलंबित, ठेकेदार पर होगी कार्रवाई

निरीक्षण के बाद सचिव भीम सिंह ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। गुणवत्ता की निगरानी में लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए गए। वहीं कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए गए।

क्षतिग्रस्त सड़क दोबारा बनेगी

सरकार ने निर्देश दिया है कि सड़क का जो हिस्सा खराब हो चुका है, उसे पूरी तरह उखाड़कर दोबारा बनाया जाए। साथ ही पूरी सड़क के शोल्डर को भी निर्धारित गुणवत्ता के अनुसार मजबूत किया जाएगा ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।

तकनीकी जांच में क्या मिला

तकनीकी जांच में जीएसबी और डब्ल्यूबीएम परतों का ग्रेडेशन और कम्पैक्शन संतोषजनक पाया गया। बीटी कार्य में बाइंडर कंटेंट भी निर्धारित 6 प्रतिशत के मानक के अनुसार मिला। हालांकि, सड़क के शोल्डर का कम्पैक्शन 100 प्रतिशत के मानक से कम पाया गया। एक स्थान पर यह 95 प्रतिशत और दूसरे स्थान पर 94.68 प्रतिशत दर्ज किया गया। इसके अलावा पुलिया के पास बैकफिलिंग भी मानकों के अनुसार नहीं की गई थी, जिससे बारिश के दौरान पानी सड़क के नीचे तक पहुंच गया।

भारी वाहनों पर लगेगा प्रतिबंध

सचिव भीम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनी इस सड़क पर अब भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित किया जाएगा। परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग मिलकर ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करेंगे ताकि सड़क की सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और भविष्य में ऐसी लापरवाही पर संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।