Weather Alert: IMD ने जारी की चेतावनी, लू का प्रकोप जारी रहेगा
Weather Alert: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में गर्मी (Heat) ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बुधवार को अधिकतम तापमान 40.9 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भीषण गर्मी को देखते हुए रेड अलर्ट (Red Alert) जारी कर दिया है। वहीं हीट इंडेक्स (Heat Index) यानी नमी के साथ महसूस की जा रही गर्मी की तीव्रता 51.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गई है, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक मानी जाती है। पढ़िए पूरी खबर…

भारतीय मौसम विभाग (Indian Meteorological Department) के मुताबिक, बुधवार शाम 5.30 बजे आयानगर 45 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, इसके बाद पालम 44.5 डिग्री सेल्सियस, रिज 43.6 डिग्री, पीतमपुरा 43.5 डिग्री, लोदी रोड 43.4 डिग्री, मयूर विहार 40.9 डिग्री और सफदरजंग शहर के बेस स्टेशन में 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. IMD के अनुसार, आज गुरुवार को भी तापमान इसी सीमा में रहने की संभावना है। जबकि इसके एक दिन से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट की उम्मीद है।
ये भी पढ़ेंः Bank: देश के 2 बड़े बैंक HDFC-ICICI का ग्राहकों को बड़ा झटका!
12 जून तक लू का प्रकोप
IMD ने चेतावनी दी है कि गुरुवार को भी तापमान 43-45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हीटवेव की स्थिति 12 जून तक बनी रहेगी, क्योंकि तापमान सामान्य से 3-4 डिग्री अधिक है। हीट इंडेक्स, जो तापमान और नमी के आधार पर बदलता रहता है, 50 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। हालांकि, IMD ने स्पष्ट किया कि हीट इंडेक्स का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं रखा जाता, क्योंकि इसे भारतीय परिस्थितियों के लिए मान्य नहीं माना जाता।
लोगों के लिए सलाह
IMD ने लोगों से हाइड्रेटेड रहने, दोपहर के समय सीधे सूर्य के संपर्क से बचने और बाहर कम निकलने की अपील की है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

13 जून से राहत की उम्मीद
IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार (Dr. Naresh Kumar) ने कहा कि गुरुवार तक भीषण गर्मी जारी रहेगी, लेकिन 13 जून की रात से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में बारिश होने की संभावना हैं। इससे लू की तीव्रता कम होगी और रेड अलर्ट की जगह ऑरेंज अलर्ट जारी हो सकता है। 14-17 जून के बीच तापमान 37-42 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, साथ ही हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वायु गुणवत्ता की स्थिति
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 245 पर रहा, जो ‘खराब’ श्रेणी में है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे प्रदूषण और गर्मी दोनों से बचाव के लिए सावधानी बरतें।
ये भी पढ़ेंः UPI: गूगल पे-फ़ोन पे, Paytm चलाने वालों के लिए ज़रूरी खबर
क्या करें?
- पर्याप्त पानी पिएं और हाइड्रेटेड रहें।
- दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें।
- हल्के और ढीले कपड़े पहनें।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
