Engineer: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक सिक्योरिटी गार्ड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। युवक की कहानी में संघर्ष, आर्थिक मजबूरी और अधूरे सपनों की ऐसी झलक देखने को मिली, जिसने इंटरनेट पर लोगों को भावुक कर दिया। कभी जिस कॉलेज में वह छात्र बनकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई करना चाहता था, आज उसी परिसर में सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहनकर ड्यूटी कर रहा है।
वायरल वीडियो में युवक अपनी जिंदगी के उस सफर के बारे में बताता है, जिसने उसके सपनों की दिशा बदल दी। आर्थिक परेशानियों के कारण उसे पढ़ाई छोड़नी पड़ी, लेकिन आज भी उसके अंदर कुछ नया सीखने और अपने सपनों को पूरा करने की इच्छा जिंदा है।
छात्रों को देखकर याद आता है अपना अधूरा सपना
वीडियो को इंस्टाग्राम अकाउंट @itsmr_modifier से शेयर किया गया है। इसमें एक कंटेंट क्रिएटर कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड से बातचीत करते नजर आते हैं।
बातचीत के दौरान गार्ड बताते हैं कि जब वह कॉलेज में ड्यूटी करते हुए छात्रों को पढ़ते और अपने भविष्य के लिए आगे बढ़ते देखते हैं तो उन्हें अपना पुराना सपना याद आ जाता है।
उन्होंने बताया कि कई बार छात्रों से बातचीत करते हुए उन्हें इस बात का दुख होता है कि वह भी कभी इसी कॉलेज में एक छात्र के रूप में पढ़ना चाहते थे, लेकिन परिस्थितियों ने उनकी जिंदगी को एक अलग दिशा में मोड़ दिया।
देखें वीडियो..
https://www.instagram.com/reels/Da6qpzopMKp
BTech में एडमिशन लेने पहुंचे थे कॉलेज
युवक के मुताबिक, उनका सपना इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने का था। वह BTech में दाखिला लेने के इरादे से कॉलेज पहुंचे थे, लेकिन इसी दौरान परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होती चली गई।
पैसों की परेशानी के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी और परिवार की जरूरतों को पूरा करने के लिए नौकरी तलाशनी पड़ी। आखिरकार परिस्थितियों के चलते उन्होंने सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी शुरू कर दी।
आज वह उसी कॉलेज में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे हैं, जहां कभी उन्होंने छात्र बनकर अपना भविष्य बनाने का सपना देखा था।
3D Animation और Game Design में है खास रुचि
गार्ड की कहानी का एक और पहलू सोशल मीडिया यूजर्स को काफी प्रभावित कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनकी 3D Animation और Game Design में खास दिलचस्पी है।
वह 3ds Max, Cinema 4D और ZBrush जैसे प्रोफेशनल सॉफ्टवेयर पर काम करना भी सीख चुके हैं। उनका सपना इसी क्षेत्र में अपना करियर बनाने का था, लेकिन आर्थिक परेशानियों के कारण वह इस दिशा में आगे नहीं बढ़ सके।
हालांकि, उन्होंने अपने हुनर और सीखने की इच्छा को पूरी तरह नहीं छोड़ा है। मौका मिलने पर वह आज भी इस क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने सपने को पूरा करना चाहते हैं।
कॉलेज के छात्र बढ़ाते हैं हौसला
वीडियो में युवक ने बताया कि कॉलेज के कई छात्र उन्हें लगातार प्रोत्साहित करते हैं। खासकर लॉ की पढ़ाई करने वाले कुछ विद्यार्थी उनसे कहते हैं कि उन्हें अपना टैलेंट कभी नहीं छोड़ना चाहिए।
छात्रों की ये बातें उन्हें उम्मीद देती हैं कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी मुश्किल क्यों न हों, मेहनत के जरिए जिंदगी में आगे बढ़ने का मौका मिल सकता है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने की मदद की पेशकश
वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने सिक्योरिटी गार्ड के संघर्ष और सीखने के जज्बे की तारीफ की है।
कई लोगों ने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसके काम से छोटी या बड़ी नहीं होती और मेहनत करने वाला हर इंसान सम्मान का हकदार है। कुछ यूजर्स ने युवक को उसके सपने पूरे करने में मदद करने की इच्छा भी जताई है।
यह वायरल वीडियो उन हजारों लोगों की कहानी की तरह है, जिनके सपने आर्थिक परिस्थितियों के कारण अधूरे रह जाते हैं। हालांकि, इस युवक की सीखने और आगे बढ़ने की इच्छा बताती है कि परिस्थितियां रास्ता बदल सकती हैं, लेकिन कोशिश जारी रहे तो सपनों तक पहुंचने के नए रास्ते भी खुल सकते हैं।
