UP News

UP News: 500 रुपए के लिए दांव पर जान, देखिए दिल दहला देने वाला वीडियो

Trending उत्तरप्रदेश
Spread the love

UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है।

UP News: उत्तर प्रदेश के बागपत (Bagpat) जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां सिर्फ 500 रुपए की शर्त के चलते एक युवक ने अपनी जान गंवा दी। जानकारी के अनुसार, कुछ दोस्तों के बीच यमुना नदी (Yamuna River) पार करने की शर्त लगी थी। शर्त यह थी कि जो भी उफनती यमुना नदी पार करेगा, उसे 500 रुपए इनाम में मिलेंगे। इस शर्त को सुनते ही जुनैद नामक युवक ने चुनौती स्वीकार की और नदी में छलांग लगा दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें जुनैद के दोस्त उसे हारने की बात कहते हुए वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

कुछ दूरी तक तैरा, फिर हार गया ज़िंदगी की जंग

शुरुआत में जुनैद कुछ दूरी तक तैरता रहा, लेकिन जैसे-जैसे वह तेज धाराओं के बीच पहुंचा, उसकी ताकत जवाब देने लगी। उसकी बाजुएं थक गईं और शरीर भारी होने लगा। वह कोशिश करता रहा, लेकिन नदी की तेज लहरों के सामने उसकी एक न चली। देखते ही देखते वह बहते-बहते नदी में समा गया।

दोस्त वीडियो बनाते रहे, कोई मदद को नहीं आया

हैरानी की बात यह रही कि जब जुनैद ज़िंदगी की जंग लड़ रहा था, उस वक्त पुल पर खड़े उसके दोस्त सिर्फ वीडियो बनाते रहे। कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया। वे बस चिल्लाते रहे ‘शर्त हार गया!’ लेकिन वह उस समय अपनी जिंदगी हार गया। यह मंजर इतना भयावह था कि वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

ये भी पढ़ेंः AI: इस टेक कंपनी ने 4 हज़ार लोगों की नौकरी छीन ली, वजह जान हो जाएंगे हैरान

घर में मचा कोहराम, मां-बाप का बुरा हाल

जैसे ही यह खबर जुनैद के घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। मां बेसुध होकर रोने लगी और पिता गम में चुपचाप बैठ गए। मोहल्ले भर में शोक की लहर दौड़ गई। लोग यह सोचकर हैरान रह गए कि क्या 500 रुपये की मामूली शर्त पर किसी की जान ली जा सकती है? क्या मज़ाक में की गई बात इतनी भारी पड़ सकती है?

निवाड़ा पुल की घटना, NDRF ने बरामद किया शव

यह दर्दनाक घटना यमुना नदी के निवाड़ा पुल की है। घटना के तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर गोताखोरों की टीम के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। लेकिन नदी के तेज बहाव और बारिश के कारण युवक की तलाश में काफी मुश्किलें आ रही थीं। घंटों की कोशिश के बाद भी पहले युवक का पता नहीं चल सका था। बाद में एनडीआरएफ (NDRF) की टीम ने शव बरामद कर लिया गया।

फरार हैं दोस्त, पुलिस कर रही तलाश

पुलिस अब उन दोस्तों की तलाश में जुट गई है जिन्होंने शर्त लगाई थी और जुनैद को उकसाया था। हादसे के बाद से वे सभी मौके से फरार हो गए हैं। पुलिस ने कहा कि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। लोगों का कहना है कि एक मां का लाल, एक घर का चिराग सिर्फ एक शर्त के कारण बुझ गया।

ये भी पढ़ेंः Expressway: 40 मिनट में लखनऊ से कानपुर, यकीन ना हो तो ख़बर पढ़िए

क्या 500 रुपये की शर्त पर जिंदगी दांव पर लगाई जा सकती है?

इस घटना ने पूरे समाज को सोचने पर मजबूर कर दिया है। क्या दोस्तों की कही बात पर बिना सोचे-समझे इतनी बड़ी जोखिम ली जा सकती है? क्या शर्त इतनी ज़रूरी थी कि उसके लिए अपनी जान दे दी जाए? जुनैद की मां की चीखें और पिता की खामोशी अब इन सवालों का जवाब तलाश रही हैं। 500 रुपये की एक शर्त ने एक पूरा घर उजाड़ दिया और पीछे छोड़ गया सवालों और पछतावे का सन्नाटा।