Road Accident: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया।
Road Accident: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र में आगरा से लखनऊ जा रही एक कार घने कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार करीब 500 मीटर तक घिसटती हुई कई बार पलटी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में TV 27 न्यूज़ चैनल के CEO अशोक अग्रवाल समेत चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

घने कोहरे में अनियंत्रित हुई कार
जानकारी के अनुसार, आगरा से लखनऊ की ओर जा रही कार रविवार सुबह करीब 6 बजे उन्नाव जिले के बांगरमऊ क्षेत्र में एक्सप्रेसवे की हवाई पट्टी के पास पहुंची थी। इसी दौरान घने कोहरे के कारण चालक को आगे चल रहे या खड़े किसी वाहन का सही अंदाजा नहीं हो सका। आशंका जताई जा रही है कि किसी वाहन से टकराने के बाद कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। इसके बाद वाहन कई बार पलटी खाते हुए काफी दूरी तक चला गया।
ये भी पढ़ेंः Noida: नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर रफ़्तार से गाड़ी दौड़ाने वाले, पहले ये खबर पढ़ लीजिए
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस और यूपीडा (UPIDA) को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस और रेस्क्यू टीम ने क्षतिग्रस्त कार से सभी लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक चारों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान, एक की शिनाख्त बाकी
पुलिस ने मृतकों की पहचान अशोक अग्रवाल (57) पुत्र संतोष अग्रवाल, आकाश अग्रवाल (35) पुत्र विनोद अग्रवाल और अभिनव अग्रवाल (20) पुत्र सतीश अग्रवाल के रूप में की है। तीनों मृतक मोदीनगर के निवासी बताए जा रहे हैं। चौथे मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। कोतवाली प्रभारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि अज्ञात मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
ख़बरीमीडिया के Whatsapp ग्रुप को फौलो करें https://whatsapp.com/channel/0029VaBE9cCLNSa3k4cMfg25
मीडिया जगत में शोक की लहर
हादसे की खबर फैलते ही मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ गई। TV 27 न्यूज़ के एडिटर-इन-चीफ एवं नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक द्विवेदी सहित अशोक अग्रवाल के सैकड़ों चाहने वाले उन्नाव के लिए रवाना हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, शव को लेकर सभी लोग शाम तक वापस लौटेंगे। अशोक अग्रवाल का अंतिम संस्कार गाजियाबाद में किया जाएगा।
ये भी पढ़ेंः Greater Noida West: Gaur City से अच्छी ख़बर, डेढ़ लाख से ज़्यादा लोगों को फ़ायदा
कोहरे में तेज रफ्तार पर फिर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर सर्दियों के मौसम में एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे के दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि कोहरे के बावजूद सावधानी न बरतने के कारण ऐसे हादसे लगातार सामने आ रहे हैं।
